एजेंसी न्यूज

रिपब्लिकन सीनेटरों ने तालिबान को आतंकवादी संगठन का दर्जा देने की मांग की, विधेयक पेश किया

रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने मांग की है कि तालिबान को आतंकवादी संगठन का दर्जा दिया जाए और कहा है कि अफगानिस्तान में इस समूह के नेतृत्व वाली सरकार में ऐसे कई कैबिनेट सदस्य हैं जिन्हें संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी घोषित कर रखा है.

रिपब्लिकन सीनेटरों ने तालिबान को आतंकवादी संगठन का दर्जा देने की मांग की, विधेयक पेश किया
तालिबान (Photo Credits: Getty images)

वाशिंगटन, 17 सितंबर : रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने मांग की है कि तालिबान को आतंकवादी संगठन का दर्जा दिया जाए और कहा है कि अफगानिस्तान (Afghanistan) में इस समूह के नेतृत्व वाली सरकार में ऐसे कई कैबिनेट सदस्य हैं जिन्हें संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी घोषित कर रखा है. सांसदों ने मांग की कि अफगानिस्तान की तालिबान नीत सरकार को मान्यता देने वाले देशों के खिलाफ भी प्रतिबंध लगाए जाएं. सीनेटर मार्को रूबियो तथा अन्य सांसदों ने ‘आतंकवादी देशों को मान्यता देने पर रोक कानून’ नामक विधेयक पेश किया जिसमें अमेरिका के विदेश मंत्री से कहा गया कि वह ‘अफगानिस्तान के गैरकानूनी इस्लामिक अमीरात’ को आतंकवाद के प्रायोजक और तालिबान को एक आतंकवादी संगठन का दर्जा दे.

यह विधेयक यदि पारित हो जाता है और कानून का रूप ले लेता है तो इसमें उन व्यक्तियों के खिलाफ भी पाबंदियां लगाई जाएंगी जिन्होंने तालिबान को जानबूझकर मदद दी. अमेरिकी सरकार को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि करदाताओं का पैसा अफगानिस्तान में विदेशी आतंकवादी संगठनों को हाथों में न जाए. रूबियो ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि तालिबान नियंत्रित अफगानिस्तान हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा हितों, पश्चिम एशिया और मध्य एशिया में हमारे सहयोगियों एवं साझेदारों के लिए सीधाखतरा हैं.’’ यह भी पढ़ें : कांग्रेस नेता रेवंथ रेड्डी ने थरूर के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगी

उन्होंने कहा, ‘‘बाइडन प्रशासन द्वारा अफगानिस्तान से सेना की दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से वापसी से वह देश उन आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन रहा है जो अमेरिका से नफरत करते हैं. दुर्भाग्य से यह सोचने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रपति बाइडन तालिबान के साथ आतंकवादियों सा बर्ताव करेंगे. कांग्रेस को इस नई वास्तविकता से निबटने और अमेरिका वासियों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने चाहिए.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 17, 2021 08:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).