IND vs AUS: रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, अपनी ही धरती पर ऑस्ट्रेलियाई भी नहीं कर सके ये कारनामा
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया. रोहित शर्मा भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच ऑस्ट्रेलियाई धरती पर वनडे मुकाबलों में 1,000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर : ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया. रोहित शर्मा भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच ऑस्ट्रेलियाई धरती पर वनडे मुकाबलों में 1,000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 21 वनडे मुकाबलों में 56.36 की औसत के साथ 1,071 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 3 अर्धशतक निकले.
इस लिस्ट में विराट कोहली दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर मेजबान टीम के विरुद्ध 20 वनडे मुकाबलों में 42.21 की औसत के साथ 802 रन बनाए. कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी ही सरजमीं पर 3 शतक और 4 अर्धशतक लगा चुके हैं. लिस्ट में सचिन तेंदुलकर तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 1991 से 2012 के बीच 25 मुकाबलों में 740 रन जोड़े, जबकि 21 मुकाबलों में 684 रन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ फेहरिस्त में पांचवें पायदान पर मौजूद हैं, जिन्होंने 11 वनडे मुकाबलों में 683 रन जुटाए. एडिलेड ओवल में जारी इस मुकाबले की बात करें, तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 9 विकेट खोकर 264 रन बनाए. यह भी पढ़ें : India vs Australia, 2nd ODI Match 2025 Live Score Update: ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ाई, वाशिंगटन सुंदर ने एलेक्स केरी को बनाया अपना शिकार
भारतीय टीम 17 के स्कोर तक कप्तान शुभमन गिल (9) और विराट कोहली (0) का विकेट गंवा चुकी थी. यहां से रोहित शर्मा ने श्रेयस अय्यर के साथ 118 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. रोहित शर्मा 97 गेंदों में 73 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अय्यर ने 77 गेंदों में 61 रन की पारी खेली. इनके अलावा, अक्षर पटेल ने 44 रन टीम इंडिया के खाते में जोड़े. ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जांपा ने 60 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. उनके अलावा, जेवियर बार्टलेट ने 3 विकेट अपने नाम किए. शेष 2 विकेट मिचेल स्टार्क के हाथ लगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 23, 2025 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

