Rohit Sharma vs Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव में किसकी कप्तानी रही ज्यादा दमदार? आंकड़ों से समझिए पूरा अंतर
रोहित शर्मा और सूर्यलुमर यादव (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Rohit Sharma vs Suryakumar Yadav Stats: टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम इंडिया के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ. इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और एक बार फिर वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी ताकत का लोहा मनवाया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया को एक नया सफल कप्तान भी मिला, क्योंकि सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में पहली ही बार आईसीसी टूर्नामेंट खेलते हुए टीम को चैंपियन बना दिया. उनकी आक्रामक कप्तानी, बेखौफ फैसले और मैदान पर शांत स्वभाव ने टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभाई. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले तीसरे कप्तान बन गए. यह भी पढ़ें: IPL 2026 Schedule And Full Details: 28 मार्च से शुरू होगा आईपीएल का 19वां सीजन, जानिए टीमों के कप्तान, वेन्यू और पूरी जानकारी

सूर्यकुमार यादव से पहले महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में साल 2007 में टीम इंडिया ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था, जबकि रोहित शर्मा के नेतृत्व में साल 2024 में टीम इंडिया ने दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया था. ऐसे में जब टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के सफल कप्तानों की बात होती है तो सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की कप्तानी की तुलना अपने आप शुरू हो जाती है. आइए आंकड़ों के जरिए समझते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप में दोनों कप्तानों का प्रदर्शन कैसा रहा है.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने गंवाया सिर्फ एक मैच

सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 9 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की. इनमें से टीम को 8 मैचों में जीत मिली, जबकि सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. इस तरह उनका जीत प्रतिशत 88.88 रहा. इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को एकमात्र हार सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से मिली थी. खास बात यह भी रही कि सूर्यकुमार यादव पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे थे और उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को चैंपियन बना दिया.

रोहित शर्मा ने दो टी20 वर्ल्ड कप में संभाली टीम की कमान

रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया की कप्तानी की थी. इन दोनों संस्करणों को मिलाकर उन्होंने कुल 14 मैचों में कप्तानी की. इनमें से टीम इंडिया ने 12 मैच जीते, जबकि सिर्फ 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. इस तरह उनका जीत प्रतिशत 85.71 रहा. आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव का जीत प्रतिशत लगभग बराबर ही नजर आता है.

बतौर कप्तान बल्लेबाजी में कुछ ऐसा रहा प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने 9 पारियों में 30.25 की औसत और 136.72 की स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला. वहीं रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के तौर पर 14 पारियों में 28.69 की औसत और 136.63 की स्ट्राइक रेट से 373 रन बनाए. उनका सर्वोच्च स्कोर 92 रन रहा और इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक भी लगाए.

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दोनों के आंकड़े

टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. अपने करियर में रोहित शर्मा ने 159 मैच खेले और 32.05 की औसत तथा 140.89 की स्ट्राइक रेट से 4,231 रन बनाए. इस दौरान रोहित शर्मा के बल्ले से पांच शतक और 32 अर्धशतक निकले. दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव अब भी टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अहम भूमिका निभा रहे हैं. सूर्यकुमार यादव ने 113 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 36.35 की औसत और 162.94 की स्ट्राइक रेट से 3,272 रन बनाए हैं. सूर्यकुमार यादव के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में चार शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं.