देश

Viral Video: एमपी के सागर में बीजेपी विधायक की बेटी ने युवक को जूतों से पीटा, CCTV फुटेज वायरल होने के बाद मामला गरमाया

मध्य प्रदेश के सागर जिले में देवरी से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया पर एक युवक की जूते से पिटाई करने का आरोप लगा है. घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Viral Video: एमपी के सागर में बीजेपी विधायक की बेटी ने युवक को जूतों से पीटा, CCTV फुटेज वायरल होने के बाद मामला गरमाया
सरेराह युवक की पिटाई, वीडियो वायरल (Photo Credits: X)

सागर: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर जिले (Sagar District) से सत्ताधारी दल बीजेपी (BJP) के विधायक की बेटी द्वारा सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है. देवरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक बृजबिहारी पटेरिया (BJP MLA Brijbihari Pateriya) की बेटी प्रियंका पटेरिया (Priyanka Pateria) पर आरोप है कि उन्होंने एक युवक को बैंक के बाहर जूतों से पीटा. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे (CCTV Camera) में कैद हो गई है. पीड़ित युवक ने गौरझामर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. यह भी पढ़ें: MP Police Viral Video: मध्य प्रदेश में अस्पताल में शराब पीकर मरीजों के बेड पर सोए पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल होने के बाद 4 निलंबित

बैंक के बाहर बुलाकर किए वार

घटना सोमवार, 13 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है. जमुनिया गांव के निवासी पीड़ित राजेश शर्मा ने बताया कि वह गौरझामर स्थित एक बैंक में काम से गया था. वहां उसे संदेश मिला कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया बाहर बुला रही हैं.

राजेश के अनुसार, जैसे ही वह बैंक से बाहर निकला, स्कॉर्पियो में बैठी प्रियंका ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक जूता निकालकर उसकी पिटाई कर दी. पीड़ित का आरोप है कि प्रियंका ने मारपीट के दौरान कहा, 'तुम मेरे पापा (विधायक) के खिलाफ काम कर रहे हो.'

सागर में बीजेपी विधायक की बेटी ने युवक की सरेआम की पिटाई 

पारिवारिक विवाद से जुड़े हैं तार

इस विवाद की जड़ में पटेरिया परिवार का आंतरिक कलह माना जा रहा है. पीड़ित राजेश शर्मा, विधायक के सगे भाई और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया का करीबी है. विधायक और उनके भाई के बीच लंबे समय से अनबन चल रही है. राजेश का विनीत पटेरिया के पक्ष में काम करना ही प्रियंका की नाराजगी का मुख्य कारण बताया जा रहा है.

प्रियंका पटेरिया की सफाई

वहीं, प्रियंका पटेरिया ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि उन्हें उस युवक से खतरा महसूस हो रहा था. प्रियंका का दावा है कि संबंधित युवक उनकी गाड़ी का पीछा कर रहा था, जिससे असुरक्षित महसूस करने के कारण उन्होंने गुस्से में यह कदम उठाया.

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस काफी सावधानी बरत रही है. गौरझामर थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. दूसरी ओर, पीड़ित राजेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि आरोपी के रसूखदार राजनीतिक परिवार से होने के कारण पुलिस कार्रवाई करने में देरी कर रही है.

सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद विपक्षी दलों और स्थानीय नागरिकों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2026 10:05 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).