West Bengal Exit Poll Result 2026: अबकी बार बंगाल में खेलेगा कमल या ममता दीदी की एक बार फिर बनेगी सरकार? चुनाव परिणाम से पहले जानें एग्जिट पोल की कहानी

West Bengal Exit Poll Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर आए एग्जिट पोल में दिलचस्प तस्वीर सामने आई है. चार में से तीन एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बढ़त दिखाई गई है, जबकि एक सर्वे में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की वापसी का अनुमान जताया गया है. Matrize और P-Marq समेत दो प्रमुख एजेंसियों ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत के साथ जीतता हुआ दिखाया है. इन सर्वे के मुताबिक भाजपा 148 के बहुमत आंकड़े को पार करती नजर आ रही है, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी करीब 120 से 140 सीटों के बीच सिमट सकती है. West Bengal Exit Poll Results 2026: Matrize के अनुमान में कांटे की टक्कर, BJP को मामूली बढ़त

Matrize के अनुसार, भाजपा को 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि टीएमसी को 125 से 160 सीटें मिल सकती हैं. अन्य दलों के खाते में 6 से 10 सीटें जाने का अनुमान है. वहीं P-Marq के एग्जिट पोल में भाजपा को 150 से 175 सीटें मिलने का अनुमान है, जो स्पष्ट बहुमत दर्शाता है. टीएमसी को 118 से 138 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य दल यहां भी ज्यादा प्रभाव नहीं डालते दिख रहे हैं.

Poll Diary के मुताबिक भाजपा 142 से 171 सीटें जीत सकती है, जबकि टीएमसी को 99 से 127 सीटें मिलने का अनुमान है. अन्य दलों को 5 से 10 सीटें मिल सकती हैं. हालांकि Peoples Pulse एकमात्र ऐसा एग्जिट पोल है, जिसमें टीएमसी की वापसी का अनुमान जताया गया है. इस सर्वे में टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिलने की संभावना बताई गई है, जबकि भाजपा को 95 से 100 सीटें मिल सकती हैं.

पश्चिम बंगाल इस बार देश के सबसे अहम राजनीतिक रणक्षेत्रों में से एक बनकर उभरा है, जहां भाजपा और टीएमसी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला. चुनाव के दोनों चरणों में भारी मतदान दर्ज किया गया, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया. पहले चरण में करीब 93 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में शाम 5 बजे तक 89.99 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. अब सभी की नजर मतगणना पर टिकी है, जहां यह तय होगा कि राज्य की सत्ता किसके हाथ में जाएगी.