West Bengal Elections 2026 ‘ममता की बातों को गंभीरता से क्यों लेना’: अमित शाह ने 'पेड समर्थकों' के आरोपों को किया खारिज, बंगाल में जीत का दावा
अमित शाह (Photo Credits: IANS)

बेहाला, 27 अप्रैल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) के दूसरे चरण के प्रचार के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Chief Minister Mamata Banerjee) के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें उन्होंने दावा किया था कि भाजपा अपनी रैलियों में भीड़ बढ़ाने के लिए बाहरी राज्यों से 'पेड समर्थक' (पैसे देकर बुलाए गए लोग) ला रही है. शाह ने इन दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बाहर से लाना तर्कसंगत नहीं है. यह भी पढ़ें: West Bengal Election 2026: अमति शाह ने जारी किया BJP का 'संकल्प पत्र', UCC लागू करने, युवाओं को 1 करोड़ नौकरियां समेत किए कई बड़े वादे; यहां पढ़ें मेनिफेस्टो की मुख्य बातें

'क्या आप भी ममता बनर्जी की बात सुन रहे हैं'

ममता बनर्जी के आरोपों का जवाब देते हुए अमित शाह ने रैली में उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा, 'इस भीड़ को देखिए। क्या इतने सारे लोग बाहर से आ सकते हैं?' उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'क्या यार, आप भी ममता बनर्जी की बात सुन रहे हो,' जिसका सीधा संकेत था कि ऐसे आरोपों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है.

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 5 अप्रैल को आरोप लगाया था कि भाजपा मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए दूसरे राज्यों से समर्थकों को जुटा रही है और उन्हें रैलियों में शामिल होने के लिए भुगतान कर रही है.

बहुमत से जीत का भरोसा और शांतिपूर्ण चुनाव का दावा

आईएएनएस (IANS) से बात करते हुए अमित शाह ने राज्य में भाजपा की संभावनाओं पर अटूट विश्वास जताया. उन्होंने कहा, 'हम भारी बहुमत के साथ चुनाव जीतने जा रहे हैं.' राज्य में हो रही छिटपुट हिंसा की खबरों के बीच शाह ने कहा कि चुनाव काफी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं. उन्होंने अतीत का हवाला देते हुए कहा, 'जो लोग बंगाल को जानते हैं, उन्हें पता है कि पहले हर चुनाव में कितने लोग मारे जाते थे.' यह भी पढ़ें: West Bengal Assembly Election 2026: अमित शाह का बड़ा वादा- 'सत्ता में आए तो वापस लाएंगे पलायन कर चुके उद्योग, महिलाओं को 33% आरक्षण'

जगतदल में भड़की हिंसा, सीएपीएफ जवान घायल

शाह के शांतिपूर्ण चुनाव के दावों के बीच, उत्तर 24 परगना के जगतदल में रविवार रात भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प की खबर आई. इस दौरान पथराव, गोलीबारी और देसी बमों का इस्तेमाल किया गया. इस घटना में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) का एक जवान पैर में गोली लगने से घायल हो गया.

अधिकारियों के अनुसार, यह झड़प एक पुलिस स्टेशन के पास तब शुरू हुई जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जलेबी मठ मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडे फाड़ दिए गए हैं.

दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज, पहले चरण में रिकॉर्ड वोटिंग

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान अब अपने चरम पर है. सभी प्रमुख दल रैलियों और रोड शो के जरिए मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं. बता दें कि 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में बंगाल ने 92.03 प्रतिशत का भारी मतदान दर्ज किया था, जो 1951 के बाद से राज्य में अब तक का सबसे अधिक मतदान है. दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है.