Rajdhani Express Fire Video: मध्य प्रदेश में बड़ा रेल हादसा टला, तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रही राजधानी एक्सप्रेस में अचानक लगी आग; सभी यात्री सुरक्षित

Rajdhani Express Fire Video:  मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया. तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक भीषण आग लग गई. यह घटना कोटा रेल मंडल के लूणी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुई. आग की खबर मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और फायर ब्रिगेड की मदद से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस हादसे में किसी भी यात्री या रेलवे स्टाफ के हताहत होने की खबर नहीं है.

सुबह 5:15 बजे लगी आग और ऐसे पाया गया काबू

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की यह घटना रविवार सुबह ठीक 5:15 बजे रिपोर्ट की गई. ट्रेन जब किलोमीटर संख्या 729/02 के पास से गुजर रही थी, तभी उसके पिछले हिस्से में स्थित एसएलआर (SLR) छोर के पास बी-1 (B-1) कोच से अचानक धुएं और आग की तेज लपटें उठती देखी गईं. आग की भयावहता को देखते हुए लोको पायलट और गार्ड ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका.  यह भी पढ़े:  Hyderabad Train Fire: हैदराबाद में बड़ा रेल हादसा टला, नामपल्ली स्टेशन पर खड़ी जयपुर एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग (Watch Video)

राजधानी एक्सप्रेस में में आग

ट्रेन रुकते ही रेलवे स्टाफ ने सबसे पहले प्रभावित कोच के सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा. इसके तुरंत बाद आग को पूरी ट्रेन में फैलने से रोकने के लिए प्रभावित बोगियों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग (डी-कपलिंग) कर दिया गया. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी गई. मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां, एम्बुलेंस और नागरिक प्रशासन की टीमें पहुंचीं. रेलवे कर्मचारियों और दमकलकर्मियों के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

रेलवे का आधिकारिक बयान

हादसे की जानकारी देते हुए कोटा रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (सैम) सौरभ जैन ने बताया कि सुबह 5:15 बजे जैसे ही आग की सूचना मिली, रेलवे स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए यात्रियों को निकाला और प्रभावित कोच को अलग किया. इसके साथ ही दमकल और जिला प्रशासन को सूचित किया गया. त्वरित कार्रवाई के कारण सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और आग पर लगभग पूरा नियंत्रण पा लिया गया है.

उन्होंने आगे बताया कि कोटा से अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की जा रही है. ट्रेन के बाकी हिस्से को अगले 30 से 45 मिनट में गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा, जिसके बाद ट्रैक की बहाली (रेस्टोरेशन) का काम शुरू होगा.

यातायात प्रभावित और यात्रियों के लिए हेल्पलाइन

इस अचानक हुए हादसे के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ है. रेलवे के मुताबिक, एहतियात के तौर पर लगभग 5 से 6 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका या रेगुलेट किया गया है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. किसी भी प्रकार की जानकारी या ट्रेनों के नए शेड्यूल का पता लगाने के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं.