Vijay Swearing-In Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय आज यानी रविवार सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंच रहे हैं.
गठबंधन के सहयोग से बनी सरकार
2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में TVK सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. हालांकि, पार्टी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े (118 सीटें) तक नहीं पहुंच पाई थी, लेकिन चुनाव नतीजों के तुरंत बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने विजय को अपना समर्थन दे दिया. 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए आवश्यक जादुई आंकड़े को पार करने में गठबंधन सहयोगियों ने अहम भूमिका निभाई है. यह भी पढ़े: Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु में सरकार बनाने की तैयारी में विजय, 120 विधायकों के समर्थन के साथ पेश किया दावा
इन दलों का मिला समर्थन
TVK के नेतृत्व वाले इस गठबंधन को कई क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों का साथ मिला है. कम्युनिस्ट पार्टियों, विदुथलाई चिरुथाईगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने विजय के नेतृत्व वाली सरकार को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है. इस समर्थन के साथ, TVK ब्लॉक के पास अब कुल 120 विधायकों का साथ है, जो बहुमत के लिए जरूरी 118 के आंकड़े से अधिक है.
राजभवन में पेश किया दावा
गठबंधन सहयोगियों द्वारा समर्थन पत्र सौंपे जाने के बाद, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने औपचारिक रूप से विजय को सरकार बनाने का निमंत्रण दिया. जानकारी के अनुसार, आज विजय के साथ उनके मंत्रिमंडल के कुछ चुनिंदा सदस्य भी शपथ ले सकते हैं. मंत्रिमंडल का पूर्ण विस्तार आने वाले कुछ दिनों में होने की संभावना है.
एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत
राजनीतिक विश्लेषक विजय के उत्थान को तमिलनाडु के हालिया इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण घटना मान रहे हैं. एक अभिनेता से राजनेता बने विजय के लिए यह मुख्यमंत्री के रूप में पहला कार्यकाल होगा. इस शपथ ग्रहण समारोह में फिल्म जगत की हस्तियों और हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.













QuickLY