UP: झांसी के फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान टैंक का बैरल फटा, दो जवान शहीद, घटना की होगी जांच
सांंकेतिक तस्वीर (Photo Credit : Twitter)

झांसी के बबीना में सेना के फायरिंग रेंज में टैंक का बैरल फट गया. हादसे में दो सेना के जवान शहीद हो गए. जबकि, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. जिन जवानों की मौत हुई है, उनमें से एक राजस्थान के बगारिया के रहने वाले सुमेर सिंह बताए जाते हैं.

झांसी की बबीना फायरिंग रेंज में गुरुवार की रात सेना के जवानों का युद्धाभ्यास चल रहा था. युद्धाभ्यास के दौरान सेना के तीन जवान टी-90 के अंदर मौजूद थे. टैंक से गोला दागने के बाद बैरल से गोला आगे चला गया और बारूद बैरल के अंदर ही रह गया. इसी बीच, बैरल फट गया. टैंक के अंदर मौजूद तीनों सैनिक झुलस गए.

सेना के अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी. हादसा कैसे हुआ…अभ्यास के समय जवानों के लिए सेफ्टी के इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी सिलसिलेवार तरीके से जांच की जाएगी. शहीद जवानों के पार्थिव शरीर का पूरे सम्मान के साथ घरवालों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया जाएगा. साथ ही घरवालों को सेना की ओर से सहायता राशि सहित अन्य तरह की सुविधाएं भी दी जाएंगी.