Haryana Flood: पानी में डूबा था हरियाणा का ये गांव फिर भी पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी लाखों की राहत
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि केंद्र ने विनाशकारी बाढ़ के बाद पंजाब की मदद के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को राज्य का दौरा करने वाले हैं.उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल राहत की घोषणा करने का आग्रह किया और याद दिलाया कि "पंजाब के लोगों का आधिकारिक तौर पर 60 हजार करोड़ रुपये बकाया हैं."
भिवानी, 7 सितंबर : हरियाणा और पंजाब (Haryana and Punjab) में बारिश का कहर जारी है. जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच भिवानी जिले के धनाना गांव ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है. गांव के लोगों ने पंजाब के लोगों की मदद के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक भेजने शुरू किए हैं. इन दिनों भिवानी जिले का सबसे बड़ा गांव धनाना खुद जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान है. गांव के चारों तरफ पानी भरा हुआ है और किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं. इसके बाद भी जाटू खाप-84 ने बाढ़ग्रस्त पंजाब के लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. खाप ने फैसला किया है कि जब तक पंजाब में हालात सामान्य नहीं हो जाते, वे हर रोज अपने किसी न किसी गांव से राहत सामग्री का ट्रक भेजते रहेंगे.
धनाना गांव के युवाओं ने पंजाब की सहायता के लिए घर-घर जाकर और सामूहिक रूप से पैसा और राशन इकट्ठा किया. इसके बाद जमा हुए पैसों से पानी की बोतलें, मच्छरदानी, आटा, आलू, प्याज, नमक और अन्य जरूरी सामान खरीदा गया. इन सभी चीजों को करीने से पैक कर एक ट्रक में लोड किया गया. जाटू खाप-84 के प्रधान भीम सिंह ने रविवार को हरी झंडी दिखाकर ट्रक पंजाब के लिए रवाना किया. उन्होंने कहा कि यह दूसरा ट्रक है जो धनाना गांव से भेजा जा रहा है. इससे पहले तालु गांव से भी एक ट्रक भेजा जा चुका है. हम जरूरत के हिसाब से राहत सामग्री भेजते रहेंगे. ग्रामीण अजीत बोडी ने बताया कि यह राहत सामग्री सतलुज नदी के किनारे बसे फिरोजपुर जिले के ऐतिहासिक गांव हुसैनीवाला भेजी जा रही है, जो बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है. यह भी पढ़ें : श्री नारायण गुरु जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान को याद किया
अजीत घनघस ने बताया कि खाप के बुजुर्गों के आदेश पर युवा इस राहत अभियान में जुटे हैं. इस ट्रक में करीब 6 लाख रुपये का सामान है, जिसे पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर भेजा जा रहा है. उन्होंने विश्वास दिलाया, "पंजाब के लोगों की तरफ से जब भी और जितनी भी मांग होगी, खाप के निर्देश पर उतनी ही राहत सामग्री आगे भी भेजी जाती रहेगी." यह कार्य वास्तव में सच्ची मानवता का प्रतीक है. जब कोई खुद संकट में होते हुए भी दूसरों की मदद के लिए आगे आता है तो यह इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल कायम करता है, जो जाटू खाप-84 ने आज पेश की है
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 07, 2025 05:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

