Shivpuri Stray Dog: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आवारा कुत्ते का आतंक, एक ही दिन में 60 लोगों को काटा, शहर में दहशत का माहौल
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रविवार को एक आक्रामक आवारा कुत्ते ने कहर बरपाते हुए करीब 60 लोगों को काट लिया. घटना के बाद जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग गई है और शहर में दहशत का माहौल है.
Shivpuri Stray Dog: मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में रविवार को आवारा कुत्तों के आतंक से सनसनी फैल गई. शहर के अलग-अलग इलाकों में एक आक्रामक कुत्ते ने अचानक राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे एक ही दिन में करीब 60 लोग डॉग बाइट (कुत्ते के काटने) का शिकार हो गए. घायलों में बच्चे, बुजुर्ग और स्थानीय दुकानदार शामिल हैं. इतनी बड़ी संख्या में पीड़ितों के जिला अस्पताल पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में मरीजों की लंबी कतारें लग गईं.
तीन अलग-अलग इलाकों में अचानक किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस आक्रामक कुत्ते ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अपना निशाना बनाया. उस वक्त कई बच्चे घरों के बाहर खेल रहे थे, जबकि कुछ लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे. पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. स्थानीय निवासी रज्जाक ने बताया कि वह अपनी दुकान पर पंचर बना रहे थे, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया. वहीं एक अन्य पीड़ित ओमवीर सिंह ने बताया कि कुत्ता लगातार सामने आने वाले हर व्यक्ति को काटता चला गया. यह भी पढ़े: Supreme Court on Stray Dogs: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, सार्वजनिक जगहों से हटाए जाएंगे आवारा कुत्ते, डॉग लवर्स की याचिका खारिज
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मची अफरा-तफरी
इस अप्रत्याशित घटना के बाद जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सामान्य दिनों में जहां डॉग बाइट के अमूमन 10 से 15 मामले सामने आते हैं, वहीं रविवार को यह आंकड़ा 60 तक पहुंच गया. अस्पताल प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया और उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए.
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव ने बताया कि एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में डॉग बाइट के मामले आना बेहद असामान्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध हैं. सभी मरीजों का इलाज सुचारू रूप से किया जा रहा है. उन्होंने नागरिकों से पैनिक न होने और समय पर अस्पताल आकर इलाज कराने की अपील की है.
नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना ने शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और उन्हें पकड़ने वाली नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. दिलचस्प बात यह रही कि नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे की पत्नी भी खुद इस कुत्ते के हमले का शिकार हो गईं. अशोक खरे ने मीडिया को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका की टीम को प्रभावित क्षेत्रों में भेज दिया गया है और आक्रामक कुत्ते को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष और भय का माहौल बना हुआ है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2026 10:49 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

