Pune: पुणे की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है. केंद्रीय बजट में पुणे मेट्रो विस्तार के लिए 517 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है. यह घोषणा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की, जिससे आने वाले वर्षों में पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में मेट्रो कनेक्टिविटी को तेज़ी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. Pune Metro Line 3: पुणे ट्रैफिक से राहत के लिए बड़ा कदम, शिवाजीनगर-हिंजावाड़ी रूट पर मेट्रो लाइन 3 ने पूरा किया पहला ट्रायल रन
मार्च में शुरू होगी बहुप्रतीक्षित हिंजवडी–शिवाजीनगर मेट्रो
पुणेवासियों के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि हिंजवडी–शिवाजीनगर मेट्रो लाइन का संचालन मार्च महीने से शुरू होने वाला है. इस रूट के चालू होने के बाद हिंजवडी से शिवाजीनगर तक का सफर, जो अभी करीब दो घंटे का होता है, घटकर लगभग 30 मिनट रह जाएगा.
आईटी प्रोफेशनल्स को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
यह मेट्रो लाइन सीधे राजीव गांधी आईटी पार्क, हिंजवडी को शिवाजीनगर से जोड़ेगी. इस कॉरिडोर पर रोज़ाना 2.2 लाख से अधिक आईटी प्रोफेशनल्स और लगभग 800 कंपनियों के कर्मचारी आवागमन करते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है. मेट्रो शुरू होने से इस परेशानी में बड़ी कमी आने की उम्मीद है.
ट्रायल रन सफल, उद्घाटन की तैयारियां तेज
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, हिंजवडी–शिवाजीनगर रूट पर ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं. यह परीक्षण डॉ योगेश म्हसे की निगरानी में किया गया और अब औपचारिक उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
यूनिवर्सिटी चौक पर बनेगा डबल-डेकर ट्रांसपोर्ट सिस्टम
भीड़भाड़ को देखते हुए यूनिवर्सिटी चौक पर एक आधुनिक डबल-डेकर ट्रांसपोर्ट सिस्टम विकसित किया जा रहा है. इसमें नीचे लोकल वाहनों के लिए सड़क उसके ऊपर एलिवेटेड रोड और सबसे ऊपर मेट्रो लाइन शामिल होगी, जिससे पुणे के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक पर ट्रैफिक दबाव कम होगा.
23 स्टेशन, 14 ट्रेनसेट से लैस होगी मेट्रो लाइन
हिंजवडी–शिवाजीनगर मेट्रो कॉरिडोर में कुल 23 स्टेशन होंगे और इसे 14 ट्रेनसेट का सपोर्ट मिलेगा. लंबे समय से इस लाइन के शुरू होने का इंतज़ार कर रहे यात्रियों को इससे रोज़ाना के सफर में बड़ी सहूलियत मिलेगी.
पुणे मेट्रो फेज-II का भी खाका तैयार
बजट में पुणे मेट्रो फेज-II के विस्तार की जानकारी भी दी गई। फिलहाल पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में दो मेट्रो कॉरिडोर चालू हैं, जबकि तीसरी लाइन जल्द यात्रियों के लिए खुलेगी. इसके अलावा 4.5 किमी लंबा पिंपरी–निगड़ी एक्सटेंशन लगभग 50% पूरा हो चुका है और इसके 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है.
फेज-II में प्रस्तावित नए मेट्रो कॉरिडोर
फेज-II के तहत जिन नए रूट्स का प्रस्ताव है, उनमें शामिल हैं:
खडकवासला–स्वारगेट–खराड़ी
रामवाड़ी–वाघोली–विठ्ठलवाड़ी
वनाज–चांदनी चौक
नल स्टॉप–वारजे.
इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पुणे महानगर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम कम होगा और शहरी परिवहन को नई दिशा मिलेगी. कुल मिलाकर 517 करोड़ रुपए की यह बजट सौगात पुणे मेट्रो को नई रफ्तार देगी और लाखों यात्रियों के दैनिक सफर को आसान बनाएगी.













QuickLY