Mumbai Metro Line-6 Work Update: मुंबई मेट्रो लाइन 6 के काम में आई तेजी, जोगेश्वरी में रातों-रात रखे गए 110 टन भारी तीन गर्डर
प्रोजेक्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए पश्चिमी रेलवे ने 10 घंटे और 3 घंटे के अलग-अलग ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की अनुमति दी थी. हालांकि, कुशल इंजीनियरिंग और टीम वर्क की बदौलत इस ब्लॉक को तय समय से पहले ही क्लियर कर दिया गया, जिससे ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से बहाल हो सका.
Mumbai Metro Line-6 Work Update: मुंबई में मेट्रो विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए, मेट्रो लाइन-6 के निर्माण कार्य के तहत राम मंदिर और जोगेश्वरी स्टेशनों के बीच तीन विशाल गर्डर सफलतापूर्वक स्थापित किए गए हैं. शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को चले इस विशेष अभियान से 'पिंक लाइन' के काम को बड़ी गति मिली है.
एमएमआरडीए (MMRDA) और पश्चिमी रेलवे के बीच बेहतर समन्वय के कारण यह जटिल कार्य निर्धारित समय से 30 मिनट पहले ही पूरा कर लिया गया. इससे उपनगरीय रेल यात्रियों को होने वाली असुविधा को काफी हद तक कम किया जा सका. यह भी पढ़े: Mumbai Metro Golden Line: मुंबई और नवी मुंबई के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वालें दिनों में पहुंचना होगा आसान, गोल्डन लाइन-8 से जुड़ेगी सुविधा
भारी मशीनों और मैनपावर का हुआ इस्तेमाल
इस ऑपरेशन के दौरान 32 मीटर लंबे और 110 मीट्रिक टन वजन वाले तीन गर्डरों को लॉन्च किया गया. इस कार्य के लिए भारी मशीनरी का उपयोग किया गया था, जिसमें एक 600 टन की क्रेन, चार 500 टन की क्रेन (दो स्टैंडबाय सहित), दो हाइड्रा और दो जेसीबी शामिल थीं.
सुरक्षा और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए कुल 110 कर्मियों को तैनात किया गया था. इसमें रेलवे के 40 कर्मचारी और ठेकेदार के 70 कर्मचारी शामिल थे, जिन्होंने रात भर चले इस ब्लॉक के दौरान निरंतर काम किया.
समय से पहले खत्म हुआ मेगा ब्लॉक
प्रोजेक्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए पश्चिमी रेलवे ने 10 घंटे और 3 घंटे के अलग-अलग ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की अनुमति दी थी. हालांकि, कुशल इंजीनियरिंग और टीम वर्क की बदौलत इस ब्लॉक को तय समय से पहले ही क्लियर कर दिया गया, जिससे ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से बहाल हो सका.
मेट्रो लाइन 6: एक नज़र में
पिंक लाइन के नाम से जानी जाने वाली यह मेट्रो लाइन स्वामी समर्थ नगर से विक्रोली (EEH) के बीच 14.5 किलोमीटर लंबा एक पूरी तरह से एलिवेटेड कॉरिडोर है.
-
कुल लंबाई: 14.5 किमी.
-
कुल स्टेशन: 13.
-
डिपो: कांजुरमार्ग (15.2 हेक्टेयर).
-
सिविल कार्य की प्रगति: 87.7 प्रतिशत पूरा.
-
महत्वपूर्ण पड़ाव: वर्तमान में रेलवे क्रॉसिंग और डिपो निर्माण का काम मुख्य रूप से लंबित है.
क्यों खास है यह कॉरिडोर?
मेट्रो लाइन-6 मुंबई के पूर्व-पश्चिम संपर्क (East-West Connectivity) को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यह लाइन जेवीएलआर (JVLR) के साथ चलती है और कई अन्य मेट्रो लाइनों के साथ इंटरचेंज प्रदान करेगी:
-
येलो लाइन 2A: बांगुर नगर में जुड़ाव.
-
रेड लाइन 7: जेवीएलआर (JVLR) पर जुड़ाव.
-
एक्वा लाइन 3: आरे में इंटरचेंज.
-
ग्रीन लाइन 4: गांधी नगर में जुड़ाव.
-
लोकल ट्रेन: जोगेश्वरी और कांजुरमार्ग स्टेशनों पर उपनगरीय रेलवे से कनेक्टिविटी.
इस परियोजना का एक प्रमुख आकर्षण महाकाली के पास बना 2.5 किलोमीटर का डबल-डेकर हिस्सा है, जहां मेट्रो और फ्लाईओवर एक ही पिलर (pier) साझा करते हैं. इसके शुरू होने से जोगेश्वरी, पवई, आईआईटी और विक्रोली जैसे व्यस्त इलाकों में यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2026 12:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

