भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की मां का निधन, नेताओं ने जताया शोक
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की मां अयोध्या देवी विजयवर्गीय का शनिवार देर रात निधन हो गया. वह कुछ दिनों से बीमार थीं. अयोध्या देवी (85) के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक जताया.
इंदौर: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की मां अयोध्या देवी विजयवर्गीय का शनिवार देर रात निधन हो गया. वह कुछ दिनों से बीमार थीं. अयोध्या देवी (85) के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक जताया.
विजयवर्गीय परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, अयोध्या देवी पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं और इंदौर के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती थीं. बीती रात कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी अस्पताल गए थे और उनका हालचाल जाना था.
श्रद्धेय काकीजी के कोमल ह्रदय ने हमें संवेदनशील होकर चिंतन करने और उनकी दृढ़ संकल्प शक्ति ने आगे बढ़ते रहने के संस्कार दिए। उनके तप से @KailashOnline ही नहीं, मेरे जैसे अनगिनत साथियों को जनसेवा की अनंत ऊर्जा मिलती रही। अपार स्नेह लुटाने वाली काकी हमारे दिलों में हमेशा रहेंगी।
— ShivrajSingh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 1, 2018
अयोध्या देवी के निधन पर सिंधिया ने शोक जताते हुए ट्वीट कर कहा, "कैलाश विजयवर्गीय जी की माताजी के निधन की खबर बेहद दुखद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति एवं कैलाश जी को यह दुख सहने की शक्ति और परिजनों को संबल प्रदान करें."
विजयवर्गीय की मां के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताते हुए कहा,"हमारे साथी कैलाश विजयवर्गीय की मां के निधन का दुखद समाचार मिला. माताजी अयोध्या देवी का स्नेह, आशीर्वाद हम सभी को मिलता रहा, उनके चरणों में प्रणाम, श्रद्घांजलि. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें."
बताया जाता है कि अयोध्या देवी पूरे क्षेत्र में काकीजी के नाम से पहचानी जाती थी. उन्होंने बेहद कम उम्र में रामायण मंडल का गठन किया था. छोटे से मोहल्ले से शुरू हुआ यह प्रयास धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बन गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2018 12:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

