देश

कैमरे पर 'मौत का LIVE वीडियो': मेरठ में हत्यारे ने सरेआम युवक के सिर में मारी गोली, CCTV फुटेज देख कांप जाएगी रूह

मेरठ में 30 वर्षीय असलम की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसका खौफनाक वीडियो CCTV में कैद हो गया है. पत्नी ने प्रॉपर्टी विवाद में देवर पर हत्या कराने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो लोगों को हिरासत में लिया है.

कैमरे पर 'मौत का LIVE वीडियो': मेरठ में हत्यारे ने सरेआम युवक के सिर में मारी गोली, CCTV फुटेज देख कांप जाएगी रूह
मेरठ हत्याकांड का पूरा वीडियो आया सामने (Photo : X)

Man Shot Dead in in Meerut: मेरठ में शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर में सुबह के वक्त, जब सड़क पर चहल-पहल थी, 30 साल के असलम नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हत्यारा बिना किसी खौफ के असलम के सिर में गोली मारता दिख रहा है.

शनिवार सुबह करीब 7:41 बजे, असलम अपने घर से किसी काम के लिए पैदल निकला था. वह घर से महज़ 500 कदम ही दूर पहुँचा होगा कि एक बदमाश ने पीछे से आकर उसके सिर में पिस्तौल सटाकर गोली मार दी. गोली लगते ही असलम मुँह के बल सड़क पर गिर गया. आनन-फानन में लोग उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज में जो दिखा, वो रौंगटे खड़े कर देने वाला है. फुटेज में दिख रहा है कि तिराहे पर काफी लोग आ-जा रहे हैं, जिनमें स्कूल बैग लिए कुछ बच्चे भी शामिल हैं. असलम मोबाइल चलाते हुए धीरे-धीरे चल रहा है. तभी टोपी पहने एक बदमाश उसके ठीक पीछे आता है, पिस्तौल निकालता है और असलम के सिर में गोली मार देता है.

जिस वक्त यह घटना हुई, वहां 10-15 लोग मौजूद थे, लेकिन सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कोई कुछ समझ ही नहीं पाया. बदमाश गोली मारकर आराम से भाग निकला. बताया जा रहा है कि बदमाश बाइक पर आए थे. एक बाइक चला रहा था, जबकि दूसरे ने उतरकर गोली मारी और फिर उसी बाइक पर बैठकर फरार हो गया.

पत्नी ने देवर पर लगाया हत्या का आरोप

इस मामले में परिवार का ही हाथ होने का शक है. असलम की पत्नी फरीदा ने रोते हुए अपने देवर (पति के भाई) शहंशाह पर हत्या कराने का सीधा आरोप लगाया है. फरीदा का कहना है कि प्रॉपर्टी को लेकर भाइयों में लंबे समय से विवाद चल रहा था और कोर्ट में केस भी चल रहा है.

उसने यह भी बताया कि करीब डेढ़ साल पहले भी शहंशाह ने असलम पर जानलेवा हमला करवाया था, जिसमें उसे गोली लगी थी, लेकिन तब उसकी जान बच गई थी.

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि परिवार में रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस ने असलम के दो रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस की 3 टीमें बना दी गई हैं, जिनमें स्वाट टीम भी शामिल है.

असलम पेशे से एक बावर्ची था और सात भाइयों में चौथे नंबर का था. उसके परिवार में अब उसकी पत्नी और एक डेढ़ साल की मासूम बेटी रह गई है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2025 12:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).