देश

Drum Me Raja Song: मेरठ मर्डर केस पर बनाया भोजपुरी गाना, नीला ड्रम लेकर किया डांस, वीडियो देख लोगों का फूटा गुस्सा

भोजपुरी इंडस्ट्री ने मेरठ के सनसनीखेज सौरभ हत्याकांड पर ‘ड्रम में राजा’ नाम से गाना बना डाला, जिसमें कलाकार नीले ड्रम के साथ डांस करते दिखे. सोशल मीडिया पर गाने का क्लिप वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और कलाकारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी. इस घटना ने मनोरंजन के नाम पर संवेदनशीलता के गिरते स्तर पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Drum Me Raja Song: मेरठ मर्डर केस पर बनाया भोजपुरी गाना, नीला ड्रम लेकर किया डांस, वीडियो देख लोगों का फूटा गुस्सा

Meerut Saurabh Murder Case: भोजपुरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री (Bhojpuri Song) हमेशा से ही तेज़ी से ट्रेंड पकड़ने के लिए जानी जाती है. चाहे कोई त्योहार हो, राजनीतिक मुद्दा या फिर किसी अपराध की घटना—इस इंडस्ट्री में कंटेंट तैयार करने में देर नहीं लगती. लेकिन इस बार जिस तरह से मेरठ के बहुचर्चित और दिल दहला देने वाले सौरभ हत्याकांड को एक गाने का विषय बना दिया गया है, उसने न केवल संवेदनशीलता की सारी हदें पार कर दी हैं बल्कि लोगों के आक्रोश को भी जन्म दे दिया है.

‘ड्रम में राजा’: हत्याकांड पर बना विवादित गाना

गोल्डी यादव द्वारा गाया गया यह गाना ‘ड्रम में राजा’(Drum Me Raja Song) नाम से हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज़ किया गया था. इसमें अभिनेत्री पारुल यादव भी नजर आईं. वीडियो में एक कलाकार नीले रंग के ड्रम के साथ नाचता दिखाई दे रहा है और एक महिला कलाकार अपने ‘हीरो’ को धमका रही है कि वह भी उसे टुकड़ों में काटकर ड्रम में भर देगी. इस गाने की थीम साफ तौर पर मेरठ हत्याकांड से प्रेरित है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या कर दी थी और शव के टुकड़े करके ड्रम में डाल दिए थे.

तीन दिन में 30 हजार व्यूज़, फिर डिलीट हुआ वीडियो

गाने के रिलीज के महज तीन दिनों में यूट्यूब पर इसे 30 हजार से अधिक बार देखा गया था. लेकिन जैसे ही इसका क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. गाने को प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया, लेकिन तब तक लोगों की भावनाएं आहत हो चुकी थीं.

सोशल मीडिया पर यूज़र्स का आक्रोश

वायरल क्लिप पर सोशल मीडिया पर ढेरों प्रतिक्रियाएं आईं. एक यूज़र ने लिखा, “बिहार पुलिस, कृपया ऐसे कंटेंट पर संज्ञान लें.” वहीं दूसरे यूज़र ने तंज कसते हुए कहा, “यही इनोवेशन है जिसकी बात मंत्रीगण करते हैं.” कुछ यूज़र्स ने यह भी साफ किया कि गाने से जुड़े अधिकतर कलाकार उत्तर प्रदेश के हैं, लेकिन आलोचना बिहार पर थोप दी जा रही है. एक अन्य यूज़र की टिप्पणी दिल को छू लेने वाली थी, “इतना बड़ा अपराध और इसे मजाक बना दिया गया… सोचिए अगर यही किसी महिला के साथ होता तो क्या कलाकार तब भी यही करते?”

सच्ची घटना, जिसने देश को हिला दिया

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मेरठ में पिछले महीने मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर मुस्कान के पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी. दोनों ने मिलकर सौरभ के शव को टुकड़ों में काटा और उसे एक ड्रम में सीमेंट डालकर छिपा दिया. यह खबर सामने आते ही पूरे देश में सनसनी फैल गई थी. फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2025 04:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).