Bihar COVID Guidelines: बिहार के सभी जिलों में रात 9 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू, जानें क्या खुला और क्या रहेगा बंद
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है. सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि पूरे बिहार में रात में प्रतिदिन 9 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा.
पटना: बिहार (Bihar) में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) लगाने का फैसला लिया है. सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि पूरे बिहार में रात में प्रतिदिन 9 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा. सभी दुकाने, प्रतिष्ठान, फल एवं सब्जी की दुकानें, मंडी, मांस और मछली की दुकानें 6 बजे बंद हो जाएंगी. रेस्टोरेंट में बैठकर खाना प्रतिबंधित रहेगा लेकिन होम डिलीवरी 9 बजे रात तक होगी. बिहार के एक कैबिनेट मंत्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित
मीडिया को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा “कोरोना के मामले प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं. आज अभी कुछ देर पहले तक की रिपोर्ट है कि आज ही एक दिन में 8,690 नए मामले सामने आए. विमर्श करने के बाद काफी कुछ निर्णय लिया गया है. कुछ इलाकों को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा.”
उन्होंने कोविड-19 की टेस्ट रिपोर्ट में देरी को लेकर कहा “RT-PCR रिपोर्ट 3-4 दिन में आ रही है. कहीं-कहीं खबर मिली कि रिपोर्ट एक सप्ताह बाद आई है. इसे जल्दी से प्राप्त किया जाए ताकि समय से इलाज शुरू हो जाए. इसके बारे में बहुत ठोस निर्णय लिया गया है. ऑक्सीजन की आपूर्ति हर हाल में समय पर की जाएगी, इस पर बात हुई है.”
जानिए क्या रहेगा खुला और क्या रहेगा बंद?
- स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान 15 मई तक बंद रहेंगे.
- इस अवधि में राज्य सरकार के विश्वविद्यालयों द्वारा किसी भी तरह की परीक्षाएं नहीं ली जाएंगी.
- सभी सिनेमा हॉल, मॉल, क्लब, जिम, पार्क एवं उद्यान को 15 मई तक के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा.
- सभी दुकाने, प्रतिष्ठान, फल एवं सब्जी की दुकानें, मंडी, मांस और मछली की दुकानें 6 बजे बंद हो जाएंगी.
- रेस्टोरेंट में केवल होम डिलीवरी रात 9 बजे तक होगी, बैठकर खाना प्रतिबंधित रहेगा.
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा “जो लोग भी बाहर हैं हम लोगों का अनुरोध है कि जितना जल्दी से जल्दी हो सके लौट आएं. हम लोगों का यह आग्रह है. हम लोगों की तरफ से जो भी सहयोग संभव है, हम करेंगे लेकिन आ जाएं क्योंकि जितना देर करेंगे कठिनाईयां बढेंगी. हमारे जितने भी चिकित्साकर्मी हैं उनको एक महीने का अतिरिक्त वेतन दिया जाएगा.”
उल्लेखनीय है कि बिहार में अब कोरोना की रफ्तार बेकाबू दिख रही है। बिहार में कोरोना की बढ़ती रफ्तार पिछले दिन का रिकार्ड तोड़कर प्रतिदिन आगे बढ़ती जा रही है. राज्य में शनिवार को पिछले 24 घंटे के दौरान 7,870 नए मामले सामने आए हैं. इसी दौरान राज्य में 34 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है. शुक्रवार को राज्य में 6,253 मामले सामने आए थे. राज्य में अब तक 1,722 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है. राज्य में कोविड-19 के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 39,497 तक पहुंच गई है. इस बीच, रिकवरी रेट में तेजी से गिरावट आ रही है. राज्य में रिकवरी रेट 86.93 प्रतिशत तक पहुंच गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 18, 2021 07:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

