8 मई की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.ईरान और अमेरिका का एक-दूसरे पर हमले का दावा, शांति प्रस्ताव पर अभी फैसला नहीं
यूएई ने कहा, "ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं"
चीन ने दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में मौत की सजा सुनाई
अंतिम चरण में पहुंची अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की जांच
भारत के उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि पिछले साल अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है. उन्होंने गांधीनगर में रिपोर्टरों से कहा कि हादसे की फाइनल रिपोर्ट एक महीने के अंदर जारी हो सकती है. 12 जून, 2025 को हुए इस हादसे में 260 से अधिक लोगों की मौत हुई थी.
12 जुलाई को इसकी शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि हादसे से कुछ समय पहले विमान के इंजनों तक ईंधन की आपूर्ति रोक दी गई थी. इस रिपोर्ट के बाद हादसे में पायलट की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे. विमान के पायलट सुमित सभरवाल के पिता ने इन आरोपों की आलोचना करते हुए उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा था और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की थी.
हाल ही में भारतीय पायलटों के एक संगठन ने देश के उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है किअहमदाबाद विमान हादसे का कारण पायलट के एक्शन की बजाय इलेक्ट्रिक फेलियर भी हो सकता है. 5,000 से ज्यादा सदस्यों वाली फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने यह पत्र लिखा है. इसमें हादसे की आगे और जांच करने का सुझाव दिया गया है.
यूएई ने कहा, "ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं"
संयुक्त अरब अमीरात का कहना है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम "ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों का सक्रिय रूप से सामना कर रहे हैं." शुक्रवार, 8 मई को स्थानीय समय सुबह के करीब 7 बजे एक्स पर दी जानकारी के मुताबिक,"रक्षा मंत्रालय इस बात की पुष्टि करता है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में सुनाई दी आवाजें यूएई के डिफेंस सिस्टम द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने का नतीजा हैं."
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने लोगों को एयर डिफेंस सिस्टम के गिराए "किसी भी मलबे या टुकड़ों" के पास न जाने, छूने और उनकी फोटो न खींचने की हिदायत दी है. ताजा हमलों में अब तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है. दुबई एयरपोर्ट पर हवाई उड़ानें जारी हैं.
पढ़ें: भाड़े के सैनिकों से फायदा उठाता संयुक्त अरब अमीरात
इस बीच, गुरुवार को ईरान ने कहा है कि वह युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका के ताजा प्रस्तावों पर विचार कर रहा है. यह प्रस्ताव पाकिस्तान की मध्यस्थता से ईरान तक पहुंच रहे हैं. अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल से जारी युद्धविराम काफी हद टिका हुआ है. हालांकि इस बीच छोटे स्तर के हमले होने का दावा दोनों पक्षों की तरफ से हुआ है. पिछले महीने पाकिस्तान की मेजबानी में दोनों देशों के बीच हुई आमने-सामने की बातचीत 28 फरवरी से जारी युद्ध को खत्म करने में नाकाम रही थी.
अमित शाह कोलकाता पहुंचे, पश्चिम बंगाल के नए सीएम के नाम का होगा एलान
केंद्रीय गृह मंत्री शुक्रवार, 8 मई को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंच गए हैं. वे यहां बीजेपी के विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे. उन्हें पश्चिम बंगाल में बीजेपी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक चुना गया है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आज दिन में होने वाली इस बैठक के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान किया जाएगा. पश्चिम बंगाल की नई सरकार का शपथग्रहण शनिवार, 9 मई को होगा.
पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर अभी सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे हैं. भबानीपुर से ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी का नाम सीएम पद की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है. उनके अलावा, दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य का नाम भी चर्चा में है. एक कयास यह भी लगाया जा रहा है कि बीजेपी राज्य में किसी महिला को मुख्यमंत्री बना सकती है. ऐसे में रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल का नाम भी चर्चा में है.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं और बीजेपी ने इनमें से 207 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई. ममता बनर्जी ने बीजेपी पर चुनाव आयोग की मदद से चुनाव जीतने का आरोप लगाया है. उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा देने से भी इनकार कर दिया था. हालांकि, गुरुवार को राज्यपाल आरएन रवि ने आदेश जारी कर राज्य की विधानसभा को भंग कर दिया.
चीन ने दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में मौत की सजा सुनाई
चीन ने अपने दो पूर्व रक्षा मंत्रियों वेई फेंगहे और ली शंगफू को भ्रष्टाचार के आरोप में मौत की सजा सुनाई है. चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, उनकी सजा में दो साल की मोहलत भी दी गई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, चीन में मोहलत के साथ दी गई मौत की सजा आमतौर पर उम्रकैद में बदल दी जाती है. ऐसा तभी होता है जब आरोपी मोहलत की अवधि में और कोई अपराध नहीं करता है. पहले भी चीन के कई पूर्व मंत्रियों की मौत की सजा को उम्रकैद में बदला गया है.
शिन्हुआ की पुरानी रिपोर्टों के मुताबिक, ली शंगफू पर आरोप हैं कि उन्होंने रिश्वत में “बड़ी मात्रा में धन” लिया और दूसरों को भी रिश्वत दी. एक जांच में पाया गया कि उन्होंने “राजनीतिक जिम्मेदारियों को पूरा नहीं किया” और “अपने लिए एवं दूसरों के लिए व्यक्तिगत फायदों की मांग” की. इसी तरह वेई वेंगई पर भी “बड़ी मात्रा में धनी और मूल्यवान वस्तुएं” लेने का आरोप साबित हुआ है. जांच में कहा गया कि उनके कृत्य “बेहद गंभीर प्रकृति” के थे और इनका बेहद हानिकारक प्रभाव पड़ा.
साल 2012 में सत्ता में आने के बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सेना में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की. इन सालों में चीनी सेना के कई अधिकारियों को भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी ठहराया जा चुका है. इसी साल चीनी सेना के टॉप जनरल झांग यूशिया को भी पद से हटाया जा चुका है. वे पोलितब्यूरो के सदस्य थे और उन्हें लंबे समय तक शी जिनपिंग के सहयोगी के तौर पर देखा जाता रहा था.
ईरान और अमेरिका का एक-दूसरे पर हमले का दावा, शांति प्रस्ताव पर अभी फैसला नहीं
ईरानी मीडिया ने ईरान के खाड़ी तट पर कई धमाकों की खबर दी है, जिनमें होर्मुज जलडमरूमध्य के एक द्वीप पर हुआ धमाका भी शामिल है. शांति प्रस्तावों के बीच ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे पर हमलों की बात कही है. ईरान की न्यूज एजेंसी के मुताबिक, 7 और 8 मई की मध्यरात्रि में बंदरगाह शहर- बंदर अब्बास के पास तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं.
ईरान के सरकारी मीडिया ने कहा कि देश की सेना की होर्मुज जलडमरूमध्य के कश्म द्वीप पर "दुश्मन" के साथ गोलीबारी हुई है. ईरान ने, अमेरिका पर "कुछ क्षेत्रीय देशों" के समर्थन से तटीय इलाकों और होर्मुज जलडमरूमध्य के कश्म द्वीप पर नागरिक इलाकों में हवाई हमले करने का आरोप भी लगाया है.
कश्म द्वीप पर करीब डेढ़ लाख लोग रहते हैं और यह फारस की खाड़ी में ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है. यहां पानी साफ करने का एक डिसैलिनेशन प्लांट भी मौजूद है. इस बीच अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना के तीन विध्वंसक जहाजों पर ईरानी हमलों को नाकाम कर दिया है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अमेरिकी जहाजों पर हमलों के लिए जिम्मेदार "ईरानी सैन्य ठिकानों" पर "आत्मरक्षक" हमले किए. यह भी कहा गया कि ईरान ने उन तीनों जहाजों पर कई मिसाइलें, ड्रोन और छोटी नावें भी भेजी थीं. कमांड का दावा है कि अमेरिकी जहाज हमले की चपेट में नहीं आए. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में धमकी दी, "जैसा कि हमने आज उन्हें चित किया है, अगर वे अपना समझौता जल्द साइन नहीं करते, तो आने वाले वक्त में हम उन्हें और भी बुरी तरह और कहीं ज्यादा हिंसक तरीके से चित करेंगे!"|
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2026 04:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

