बेंगलुरु में हैवानियत, इंजीनियरिंग कॉलेज के कैंपस में 21 साल की छात्रा से रेप, बेशर्म आरोपी ने पूछा- 'पिल चाहिए क्या?'
बेंगलुरु के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में एक छात्र ने अपनी ही क्लासमेट के साथ कैंपस के टॉयलेट में रेप किया. घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता से बेशर्मी से पूछा कि "क्या उसे पिल (गर्भनिरोधक गोली) की जरूरत है?". पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है और इस घटना पर अब राजनीतिक बवाल भी शुरू हो गया है.
बेंगलुरु के एक नामी प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 21 साल के इंजीनियरिंग छात्र को अपनी ही कॉलेज की एक छात्रा के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. सबसे घिनौनी बात यह है कि आरोपी ने यह दरिंदगी कॉलेज कैंपस के अंदर पुरुषों के टॉयलेट में की.
पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र का नाम जीवन गौड़ा है, जो छठे सेमेस्टर का स्टूडेंट है. उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया और अब वह न्यायिक हिरासत में है. यह घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है, जबकि पीड़ित छात्रा ने हिम्मत जुटाकर 15 अक्टूबर को, यानी पांच दिन बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित लड़की एक-दूसरे को जानते थे और पहले क्लासमेट भी रह चुके थे. बाद में कुछ विषयों में फेल होने (बैकलॉग) की वजह से आरोपी जीवन गौड़ा पढ़ाई में एक साल पीछे हो गया.
घटना वाले दिन, दोपहर के लंच ब्रेक के समय, जीवन ने लड़की को कई बार फोन किया और उसे सातवीं मंजिल पर आर्किटेक्चर ब्लॉक के पास मिलने के लिए बुलाया. जब लड़की वहां पहुंची, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे जबरदस्ती किस करने की कोशिश की. जब लड़की ने वहां से लिफ्ट के जरिए जाने की कोशिश की, तो आरोपी उसके पीछे-पीछे छठी मंजिल तक गया. वहां उसने लड़की को जबरदस्ती खींचकर पुरुषों के वॉशरूम में बंद कर दिया और उसके साथ रेप किया.
रिपोर्ट के अनुसार, यह सब दोपहर 1:30 बजे से 1:50 बजे के बीच हुआ. इस दौरान जब लड़की का फोन बजा, तो आरोपी ने उसका फोन भी छीन लिया था.
आरोपी की बेशर्मी
इस भयानक घटना के बाद पीड़ित लड़की ने अपनी दो सहेलियों को आपबीती बताई. FIR में यह भी लिखा है कि बाद में आरोपी जीवन गौड़ा ने लड़की को फोन किया और बेशर्मी से पूछा कि क्या उसे "किसी पिल की जरूरत है?".
पुलिस का कहना है कि लड़की घटना के बाद बहुत डरी हुई और सदमे में थी, इसलिए उसने तुरंत शिकायत करने की हिम्मत नहीं की. बाद में उसने अपने माता-पिता को सब कुछ बताया, जो उसे लेकर हनुमाननगर पुलिस स्टेशन गए और शिकायत दर्ज कराई.
जांच में चुनौती
पुलिस ने गुरुवार को घटनास्थल का मुआयना किया. एक बड़ी चुनौती यह है कि जिस मंजिल पर यह घटना हुई, वहां कोई CCTV कैमरा नहीं लगा था, जिससे सबूत जुटाने में मुश्किल हो सकती है. हालांकि, पुलिस फोरेंसिक और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है.
घटना पर राजनीति भी शुरू
इस मामले को लेकर कर्नाटक में राजनीति भी गरमा गई है. विपक्षी पार्टी बीजेपी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है. कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने सोशल मीडिया पर लिखा, "कर्नाटक में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. सिर्फ चार महीनों में लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न के 979 मामले सामने आए हैं. अकेले बेंगलुरु में 114 से ज्यादा केस हुए हैं. हमारी महिलाएं और बच्चे सरकार की लापरवाही के कारण डर में जी रहे हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को चिट्ठी लिखकर कर्नाटक में एक जांच टीम भेजने की मांग की है.
फिलहाल, जिस प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज में यह घटना हुई, उसकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2025 11:07 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

