देश

Petrol-Diesel Price Today: ईरान संकट के बीच भारत में ईंधन की कीमतें स्थिर, 14 मार्च को दिल्ली, मुंबई समेत अन्य शहरों में जानें पेट्रोल-डीजल के ताज़ा रेट

पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद भारत में आज, 14 मार्च 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 100 डॉलर के नीचे आने से घरेलू बाजार में फिलहाल राहत है.

Petrol-Diesel Price Today: ईरान संकट के बीच भारत में ईंधन की कीमतें स्थिर, 14 मार्च को दिल्ली, मुंबई समेत अन्य शहरों में जानें पेट्रोल-डीजल के ताज़ा रेट
(Credit-Wikimedia commons)

नई दिल्ली/मुंबई. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने आज, शनिवार 14 मार्च 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. दिल्ली में पेट्रोल का भाव 94.77 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. हालांकि, वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतें 98 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई हैं, लेकिन भारत सरकार और तेल कंपनियों ने फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी न करने का फैसला लिया है.

महानगरों में आज का भाव (प्रति लीटर)

देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतें आज इस प्रकार हैं:  यह भी पढ़े:  Mumbai Gas Crisis: मुंबई में गैस का गहराया संकट, 20 फीसदी से ज्यादा होटल बंद, कारोबारियों को हर दिन हो रहा है लाखों का नुकसान

शहर पेट्रोल (Petrol) डीजल (Diesel)
नई दिल्ली ₹94.77 ₹87.67
मुंबई ₹103.54 ₹90.03
कोलकाता ₹105.41 ₹92.02
चेन्नई ₹101.06 ₹92.61
बेंगलुरु ₹102.92 ₹90.03
लखनऊ ₹94.69 ₹87.81

ईरान जंग और कच्चे तेल का गणित

ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष के चलते पिछले कुछ दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया था. एक समय ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर के पार चला गया था, जिससे भारत में पेट्रोल-डीजल महंगे होने की आशंका बढ़ गई थी. हालांकि, अमेरिका द्वारा रूसी तेल खरीद में कुछ ढील देने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) द्वारा रणनीतिक भंडार से तेल छोड़ने के फैसले के बाद कीमतों में मामूली गिरावट आई है. वर्तमान में ब्रेंट क्रूड 98.04 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.

क्या आगे बढ़ेंगे दाम?

सरकारी सूत्रों और बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक कच्चा तेल 130 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार नहीं करता, तब तक घरेलू कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना कम है. भारत के पास करीब 60-70 दिनों का तेल भंडार (बफर स्टॉक) मौजूद है, जो अल्पकालिक आपूर्ति बाधाओं से निपटने में सक्षम है. इसके अलावा, भारत ने रूस से अपनी तेल खरीद जारी रखी है, जिससे वैश्विक संकट का सीधा असर कम हो रहा है.

एलपीजी और सीएनजी का हाल

पेट्रोल-डीजल के स्थिर रहने के बीच, मार्च की शुरुआत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जिससे दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 913 रुपये हो गई है. वहीं, सीएनजी की कीमतों में भी मामूली वृद्धि देखी गई है, जो वर्तमान में दिल्ली में 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम पर मिल रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2026 10:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).