बुलंदशहर, 10 अगस्त उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक गांव में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी तथा दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि खुरजा देहात थानाक्षेत्र के तहत आने वाले मुबारकपुर गांव के नागेंद्र सिंह की रविवार शाम संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि नागेंद्र की पत्नी क्रांति और उसके दो बेटों-वीरेंद्र तथा गब्बर ने पारिवारिक विवाद के कारण गुस्से में आकर कथित रूप से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
बाद में आरोपी बेटे किसी को बताए बिना शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले गए लेकिन चिता को आग लगाने से पहले दो राहगीरों ने उनसे सवाल किया।
एक राहगीर दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ गड़बड़ है क्योंकि दो भाइयों के अलावा ना भीड़ है, न ही परिवार के करीबी सदस्य।
दीपक ने दावा किया कि दोनों भाइयों से पूछने पर एक ने बताया कि उसके पिता ने जहर का सेवन कर जान दी है जबकि दूसरे ने अन्य कारण बताया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY