देश की खबरें | अमेरिका में सिख परिवार की हत्या से पंजाब के हरसी पिंड में मातम, ग्रामीणों ने दोषियो

होशियारपुर, छह अक्टूबर अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में अपहरण के बाद एक सिख परिवार के चार सदस्यों की हत्या की खबर से पंजाब स्थित उनके पैतृक गांव (हरसी पिंड) में मातम छाया है और ग्रामीणों ने दोषियों को कठोरतम दंड देने की मांग की है।

हरसी पिंड के निवासियों ने इस घटना पर दुख जताते हुए विदेश में रहने वाले की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाये जायें।

जसदीप सिंह (39), उनकी पत्नी जसलीन कौर (27) और उनकी आठ महीने की दुधमुंही बच्ची आरूही धेरी और जसदीप के भाई अमनदीप सिंह (39) का शव इंडियाना मार्ग और हचिंसन मार्ग के पास एक बाग में बुधवार की शाम को मिला।

कैलिफोर्निया के मर्स्ड काउंटी में नया ट्रक कारोबार शुरू करने वाले परिवार का सोमवार को अपहरण किया गया था। परिवार की हत्या की खबर जैसे ही उनके हरसी पिंड नामक गांव तक पहुंची, वैसे ही आस-पास के कई गांवों के लोग रणधीर सिंह और उनकी पत्नी कृपाल कौर (जसदीप और अमनदीप के माता-पिता) के घर पर शोक जताने के लिए उमड़ पड़े। लेकिन उन्हें लौटना पड़ा, क्योंकि घर बंद था।

अपहरण की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त रणधीर और शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कृपाल पहले ही अमेरिका के लिए रवाना हो गई थीं।

हरसी पिंड के सरपंच सिमरन सिंह ने कहा कि उनके गांव समेत आस-पास के कई गांवों में परिवार की हत्या की खबर मिलने के बाद से मातम पसरा है।

सरपंच ने बताया कि रणधीर सिंह का घर बंद है, लेकिन जो लोग जाजा गांव में रहने वालीं उनकी बहन को जानते हैं वे वहां शोक व्यक्त करने पहुंच रहे हैं।

एक ग्रामीण ने मांग की कि विदेश में रह रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाये जायें। उन्होंने यह भी मांग की है कि इस जघन्य हत्याकांड के दोषियों को कठोर सजा दी जाये।

रणधीर सिंह के पड़ोसी चरनजीत सिंह ने कहा कि कुछ लोग शोक व्यक्त करने जालंधर जा रहे हैं जहां जसलीन के परिवार के लोग रहते हैं।

केंद्रीय मंत्री और होशियारपुर के सांसद सोम प्रकाश ने भी इस हत्या पर शोक जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार शोक संतप्त परिवार की सहायता के लिए सभी जरूरी मदद मुहैया करायेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)