देश की खबरें | खेलो इंडिया पैरा खेलों के पहले दिन चमके वरुण भाटी और निषाद कुमार

नयी दिल्ली, 11 दिसंबर ऊंची कूद के एथलीट वरुण सिंह भाटी और निषाद कुमार ने खेलो इंडिया पैरा खेलों के पहले दिन सोमवार को यहां स्वर्ण पदक जीतकर अपनी चमक बिखेरी।

रियो पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता भाटी ने टी42-टी43 वर्ग में हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों के स्वर्ण पदक विजेता शैलेश कुमार को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया। ग्रेटर नोएडा के इस एथलीट ने 1.83 मीटर कूद लगाई।

तोक्यो पैरालंपिक के रजत पदक विजेता और हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले हिमाचल प्रदेश के निषाद ने टी47 वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।

निषाद ने 1.95 मीटर कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के रामपाल ने रजत और गुजरात के चंद्रेश बागड़ा ने कांस्य पदक हासिल किया।

हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों के एक अन्य पदक विजेता मोनू घंगास ने पुरुषों के चक्का फेंक (एफ11 वर्ग) में 34.23 मीटर चक्का फेंक कर स्वर्ण पदक जीता।

पुरुषों की 100 मीटर (टी13 वर्ग) में ओडीशा के पंकज भुए ने 12.41 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक हासिल किया। हिमाचल प्रदेश के अवनी कुमार दूसरे और ओडीशा के मंगत हेमब्राम तीसरे स्थान पर रहे।

दिल्ली के एथलीट चिराग ने टी35-टी36 वर्ग में 100 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 13.43 सेकंड का समय लिया। उत्तर प्रदेश के अनुभव चौधरी ने रजत और दिल्ली के नारायण ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया।

तमिलनाडु के विनोद कुमार ने टी38 वर्ग में 13.07 सेकंड का समय लेकर 100 मीटर की दौड़ जीती।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)