नोएडा, 18 जुलाई अवैध तरीके से मई में भारत आई और यहां अपने साथी के साथ रह रही पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर से उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।
एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीमा हैदर के भारतीय साथी सचिन मीणा और उसके पिता नेत्रपाल सिंह से भी पूछताछ की गई है।
अधिकारी ने बताया कि तीनों को सुबह करीब साढ़े आठ बजे ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके स्थित उनके आवास से उठाया गया और करीब 10 बजे नोएडा स्थित एटीएस कार्यालय लाया गया, जहां देर शाम तक पूछताछ जारी रही।
सीमा हैदर, मीणा और सिंह रात आठ बजकर करीब 15 मिनट पर एटीएस कार्यालय से निकले। हालांकि, एटीएस ने तीनों से दोबारा पूछताछ करने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है और न ही कोई टिप्पणी की है।
सीमा पार से आई महिला और भारतीय पुरुष के इस जोड़े से उत्तर प्रदेश एटीएस ने सोमवार को नोएडा स्थित अपने कार्यालय में पहली बार पूछताछ की थी और रात करीब साढ़े दस बजे उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई थी।
हैदर (30) और मीणा (22) को पहली बार चार जुलाई को ग्रेटर नोएडा से स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन सात जुलाई को एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।
उत्तर प्रदेश एटीएस की पूछताछ प्रक्रिया के बारे में एक अधिकारी ने सोमवार को ‘पीटीआई-’ को बताया था कि दंपती को ‘‘गिरफ्तार किया जा सकता है या नहीं’’ यह राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील मामले में पूछताछ के नतीजे पर निर्भर करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY