देश की खबरें | तटरक्षक बल की दो महिला अधिकारी पहली बार विदेशी अभियान में शामिल

नयी दिल्ली, 21 अगस्त भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) की दो महिला अधिकारी पहली बार विदेश में तैनाती के लिए एक गश्ती पोत पर रवाना हुईं।

आईसीजी का अपतटीय गश्ती जहाज ‘सुजय’ पूर्वी एशिया में अपनी विदेशी तैनाती के हिस्से के रूप में बुधवार को इंडोनेशिया के जकार्ता बंदरगाह पर पहुंचा।

तटरक्षक ने कहा, “विशिष्ट पहल के अंतर्गत जहाज पर सवार दो महिला आईसीजी अधिकारी ‘समुद्री सुरक्षा एवं संरक्षा में महिलाओं’ का प्रतिनिधित्व करने के उद्देश्य से विदेश में तैनाती पर रवाना हुईं।”

उसने कहा कि ‘सुजय’ का चालक दल अपनी इस यात्रा के दौरान, समुद्री प्रदूषण कार्रवाई, समुद्री खोज और बचाव तथा समुद्री कानून प्रवर्तन पर ध्यान केंद्रित करते हुए कार्य संचालन संबंधी बातचीत में शामिल होगा।

पोत इंडोनेशिया के दो दिवसीय दौरे पर है।

तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा, “इन गतिविधियों में बादन केमानन लौट रिपब्लिक इंडोनेशिया (बाकमला) अर्थात इंडोनेशिया तट रक्षक के साथ कामकाजी वार्तालाप, क्रॉस डेक प्रशिक्षण, संयुक्त योग सत्र, मैत्रीपूर्ण खेल आयोजन और बाकमला के साथ समुद्री अभ्यास भी शामिल हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)