बेमेतरा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेमरी गांव के पास रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में बस चालक और एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई तथा आठ अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झारखंड और बिहार राज्यों के मजदूर महाराष्ट्र से अपने घर जाने के लिए निकले थे। जब वे बाघनदी के पास छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र की सीमा पर पहुंचे, तो उन्हें झारखंड की सीमा तक छोड़ने के लिए उनके लिए बस की व्यवस्था की गई।
उन्होंने बताया कि बस सुबह टेमरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में राजनांदगांव निवासी बस चालक गुहाराम सोनवानी और बिहार निवासी मजदूर देवनाथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस को घटना के बारे में जानकारी मिली, तो घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा घायलों और शवों को अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY