नयी दिल्ली, 10 अगस्त दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अपराधियों को हथियारों की आपूर्ति के आरोप में एक सरकारी अधिकारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत के निवासी इंसार खान (31) और हरियाणा के करनाल निवासी पारस चोपड़ा (36) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार खान राष्ट्रीय राजधानी में श्रम एव रोजगार मंत्रालय में कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी है। सरकारी नौकरी में होने के कारण उसे लगता था कि किसी को उसपर शक नहीं होगा। ऐसे में वह उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर यहां अपराधियों को देता था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) भीष्म सिंह ने कहा, ‘‘ हमें चार अगस्त को सूचना मिली कि उत्तरप्रदेश से दिल्ली में अवैध हथियारों की आपूर्ति हो रही है और एक व्यक्ति अपराधियों को खेप पहुंचाने के लिए इंडिया गेट के पास आ रहा है। हमारी टीम ने छापा मारा और इंसार खान को गिरफ्तार किया। ’’
यह भी पढ़े | Tamil Nadu Mobile Phone Blast: तमिलनाडु में मोबाइल फोन विस्फोट, महिला समेत उसके दो बच्चों की झुलसकर मौत.
उन्होंने बताया कि उसके पास से एक स्वचालित पिस्तौल और पांच कारतूस मिले। यह पिस्तौल कोलकाता की आयुध फैक्टरी की बनी है।
खान ने पूछताछ में पुलिस को कथित रूप से बताया कि वह बागपत में दीपक से ये पिस्तौलें लेता था। फिर पुलिस ने दीपक के घर पर छापा मारा और वहां से 14 कारतूस जब्त किये। लेकिन उस दौरान घर पर दीपक नहीं था। वह 15 से अधिक मामलों में संलिप्त रहा है। खान से प्राप्त सूचना के आधार पर पारस चोपड़ा को गिरफ्तार किया गया। वह हरियाणा के करनाल का रहने वाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY