देश की खबरें | आज का भारत 2020 का भारत है, 1962 का नहीं : भाजपा ने चीन-भारत सीमा पर गतिरोध पर कहा
जियो

नयी दिल्ली, 10 जून भारतीय जनता पार्टी ने भारत चीन सीमा पर गतिरोध से निपटने को लेकर विपक्ष की आलोचना पर बुधवार को दावा किया कि आज का भारत 2020 का भारत है, 1962 का भारत नहीं है और देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे साहसी नेता के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, कांग्रेस के नेतृत्व में नहीं ।

भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सीमा पर स्थिति पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सवाल उठाये जाने पर कहा कि उन्हें कम से कम इतनी समझदारी होनी चाहिए कि चीन के साथ सामरिक संबंधों जैसे विषयों के बारे में ट्विटर पर सवाल नहीं पूछे जाते ।

यह भी पढ़े | Delhi Rains Update: दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश से डीएनडी पर साइनबोर्ड गिरने से सड़क बंद.

हिमाचल प्रदेश में भाजपा की डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए प्रसाद ने कहा कि कम से कम चुनौतिपूर्ण मामलों में, विदेश नीति के बारे में क्या उनका इस तरह से खुलकर सवाल पूछना लाजिमी है ।

प्रसाद ने कहा, ‘‘ भारत शांतिपूर्ण ढंग से विवादों को सुलझाना चाहता है। हम विनम्रता के साथ एक बात कहना चाहते हैं कि आज का भारत 2020 का भारत है, 1962 का भारत नहीं है । आज के भारत का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे साहसी नेता कर रहे हैं, कांग्रेस के नेता नहीं।’’

यह भी पढ़े | मणिपुर में आज कोरोना के 2 नए मामले दर्ज किए गए : 10 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज हम आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहे हैं । आत्मनिर्भर भारत का मतलब अलग थलग भारत नहीं बल्कि एक ऐसा भारत है जो प्रतिभा सम्पन्न हो, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा हो और अपने विनिर्माण से दुनिया को मजबूत करे ।

प्रसाद ने कहा, ‘‘ भारत आत्मनिर्भर बनेगा तो भारत अपनी सुरक्षा के बारे में भी आत्मनिर्भर बनेग । ’’

उन्होंने इस दौरान सुरक्षा के मामलों में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में पाकिस्तान के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के जरिये आतंकवादियों को निशाना बनाने का भी जिक्र किया ।

प्रसाद ने कहा कि जिन लोगों ने गड़बड़ी करने की कोशिश की, उन्हें उरी और बालाकोट भी देखना पड़ा ।

केंद्रीय मंत्री ने सीमा पर गतिरोध का सीधा उल्लेख किये बिना कहा, ‘‘ इस बात को समझ लेना चाहिए।’’

उनका परोक्ष संदर्भ 1962 के भारत चीन युद्ध से जुड़ा था ।

राहुल गांधी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की देश की आर्थिक नीति या सामरिक मामलों के बारे में कितनी समझ है, यह चर्चा करने की बात है ।

उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी चीन को लेकर सवाल कर रहे, वे समझें कि अगर चीन की कहानी आयेगी तब कई और चीजें भी उठेंगी ।

कोविड-19 के मद्देनजर लागू लॉकडाउन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सवाल उठाने का जिक्र करते हुए प्रसाद ने कहा, ‘‘ कांग्रेस पार्टी हमसे पूछती है, कि कोरोना महामारी में लॉकडाउन से क्या फायदा हुआ, तो मैं उनसे यह पूछना चाहता हूं, कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री लॉकडाउन क्यों लगाते हैं ?’’

उन्होंने सवाल किया कि पंजाब की सरकार ने सबसे पहले लॉकडाउन क्यों लगाया? राजस्थान, महाराष्ट्र में भी लॉकडाउन क्यों लगाया था?

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि कृपया कर आप अपने अंदर झांके कि आपकी पार्टी के मुख्यमंत्री आपकी बात क्यों नहीं सुनते ?

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के कारण चुनौती उत्पन्न हुई है और हम इस पर विजय प्राप्त करेंगे। इस चुनौती के समय सभी को एक सुर में बोलना चाहिए ।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)