देश की खबरें | ‘टाइगर-3’ ने तीन दिन में 240 करोड़ रुपये कमाए; सलमान, कैटरीना ने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया

मुंबई, 15 नवंबर अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने हाल में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘टाइगर 3’ की शानदार शुरुआत के लिए बुधवार को अपने प्रशंसकों को धन्यवाद दिया। फिल्म ने पहले तीन दिन में 240 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की है।

प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) के अनुसार रविवार को रिलीज हुई मनीष शर्मा निर्देशित फिल्म ने अब तक भारत में 180.50 करोड़ रुपये और विदेशों में 59.50 करोड़ रुपये की कुल कमाई की है, जिससे फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई 240 करोड़ रुपये हो गई है।

फिल्म ने भारत में 148.50 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की है।

सलमान खान ने एक बयान में कहा, ‘‘दर्शकों और प्रशंसकों से ‘टाइगर 3’ को मिल रही प्रतिक्रिया से अभिभूत हूं। उन्होंने फिल्म को शानदार शुरुआत दी और मुझे खुशी है कि फिल्म की तीसरी कड़ी भी सफलता की कहानी रच रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म ‘टाइगर 3’ मेरे दिल के बेहद करीब है। इसलिए फिल्म को मिल रहे बेशुमार प्यार को देखकर यह मेरे लिए और खास हो गई है। मुझे उम्मीद है कि फिल्म दुनियाभर में दर्शकों का मनोरंजन करती रहेगी।’’

कैटरीना कैफ ने कहा कि यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि देश के हर कोने से आए दर्शक सिनेमाघरों में झूमते नजर आते हैं।

अभिनेत्री ने कहा, ‘‘मनोरंजन की दुनिया से ताल्लुक रखने के कारण यह मेरे लिए बहुत महत्व रखता है। मुझे ‘टाइगर 3’ पर बहुत गर्व है और मुझे खुशी है कि इस कड़ी की हर फिल्म ने दर्शकों को रोमांचित किया है। यह साल हिंदी सिनेमा के लिए अभूतपूर्व रहा है और मैं रोमांचित हूं कि ‘टाइगर 3’ को दर्शक सिनेमाघरों में पसंद कर रहे हैं।’’

सलमान खान, इमरान हाशमी और कैटरीना कैफ अभिनीत यह फिल्म दीपावली के मौके पर 12 नवंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म तीन ओं हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)