नागपुर, 15 जुलाई बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान पर 2005 में हुए आतंकी हमले में दोषी ठहराए गए और बेलगावी की जेल में सजा काट रहे एक व्यक्ति को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धमकी और जबरन वसूली कॉल के मामले में शनिवार को नागपुर लाया गया।
नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि अफसर पाशा को कर्नाटक की जेल से गिरफ्तार किया गया और शाम को पेशी वारंट पर यहां लाया गया।
कुमार ने कहा कि नागपुर पुलिस टीम बृहस्पतिवार को बेलगावी पहुंची थी और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शनिवार को उसकी हिरासत हासिल कर ली गई।
इस साल 14 जनवरी को गडकरी के नागपुर स्थित जनसंपर्क कार्यालय में 100 करोड़ रुपये की धमकी और रंगदारी की कॉल आने के बाद जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने कहा था कि इस तरह की एक और कॉल 21 मार्च को आई थी और जांच दक्षिणी राज्य की बेलगावी जेल में बंद एक दोषी जयेश पुजारी पर केंद्रित हुई थी।
पुजारी को 28 मार्च को नागपुर लाया गया था और उसके खिलाफ धंतोली पुलिस थाने में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत दो मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, जांच में पुजारी और अफसर पाशा के बीच संबंध का पता चला, जो जम्मू कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था और उसे वहां प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के वास्ते आतंकियों की भर्ती के लिए 2012 के एक मामले में भी दोषी ठहराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY