कोलकाता, सात मार्च पश्चिम बंगाल विधानसभा में सोमवार को विपक्षी भाजपा के सदस्यों द्वारा जारी हंगामे के बीच राज्यपाल जगदीप धनखड़ का संबोधन पटल पर रखा गया, जिसमें कहा गया कि हाल के वर्षों में राज्य में माहौल ''शांतिपूर्ण'' रहा है।
सदन में विपक्षी सदस्यों ने राज्य में हाल में संपन्न नगरपालिका चुनावों में हिंसा और फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए हंगामा किया जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायकों ने इसे खारिज किया।
मौजूदा वर्ष में सदन के पहले सत्र के शुरुआती संबोधन में कहा गया कि यह सरकार इस बात पर भरोसा करती है कि समृद्धि के लिए शांति सबसे पहली जरूरत है। संबोधन को तय नियमानुसार निर्वाचित सत्ता द्वारा तैयार किया गया।
सदन में जारी हंगामे के बीच राज्यपाल ने लिखित संबोधन की पहली और अंतिम पंक्ति को पढ़ा और कहा, '' हालिया वर्षों में, पश्चिम बंगाल में माहौल शांतिपूर्ण रहा।''
इसमें कहा गया कि पूरे राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बरकरार रहा और कुछ निहित स्वार्थ वाले समूह सरकार द्वारा चयनित सौहार्द और शांति के मार्ग से खुश नहीं हैं।
संबोधन में दावा किया गया है कि राज्य को मिलने वाली राशि करीब 90,000 करोड़ रुपये अब तक केंद्र से प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही राज्यपाल के संबोधन में कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना भी की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY