जरुरी जानकारी | टाटा ऑटोकॉम्प अमेरिकी कंपनी के साथ मिलकर बनाएगी विद्युत वाहन चार्जिंग स्थल

नयी दिल्ली, 11 जून टाटा ऑटोकॉम्प सिस्टम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिये चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिये अमेरिका की टेलस पावर ग्रीन के साथ गठजोड़ किया है।

वाहन उपकरण बनाने वाली कंपनी ने कहा कि उसने और टेलस पावर ने दो-पहिया, तीन-पहिया, यात्री तथा वाणिज्यिक वाहनों के लिये एसी और डीसी फास्ट चार्जर की आपूर्ति के लिये सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये हैं।

यह भी पढ़े | Lottery Results Today on Lottery Sambad: पश्चिम बंगाल, केरल, सिक्किम और नागालैंड के सांबद लॉटरी के रिजल्ट lotterysambadresult.in पर करें चेक.

टाटा ऑटोकॉम्प के प्रबंध निदेशक अरविंद गोयल ने कहा, ‘‘टाटा समूह की पहल के तहत कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिये कल-पुर्जों की आपूर्ति के साथ-साथ चार्जिंग बुनियादी ढांचा की स्थापना के लिये उपयुक्त परिवेश उपलब्ध करा रही है।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी ने यात्री कारों, वाणिज्यिक वाहनों के साथ-साथ दो-पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिये इलेक्ट्रिक ड्राइवलाइन के साथ-साथ बैटरी पैक उपलब्ध कराने के लिये संयुक्त उद्यम बनाया है।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: फैमिली पेंशन पाने का यह है नियम, जान लेंगे तो होगा फायदा.

गोयल ने कहा कि टाटा ऑटोकॉम्प और टेलस घरों और रिहायशी परिसरों के लिये 3 किलोवाट से 11 किलोवाट क्षमता के विभिन्न एसी चार्जर उपलब्ध कराएंगी। साथ ही दोनों कंपनियां विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिये तेजी से चार्ज करने वाले 20 किलोवाट से लेकर 300 किलोवाट क्षमता के चार्जिंग स्टेशन भी उपलब्ध कराएगी। ये चार्जिंग स्टेशन कार्यालय और वाणिज्यिक पार्किंग स्थल समेत सार्वजनिक जगहो पर लगाये जा सकेंगे।

टेलस पावर ग्रीन के वैश्विक सीईओ रंधीर रेड्डी ने कहा, ‘‘...हम इस गठजोड़ के जरिये इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे सकेंगे और इससे दूसरे देशों को भी लाभ होगा।’’

टाटा समूह की कंपनी के रूप में टाटा ऑटोकॉम्प देश और विदेश में वाहन उपकरण विनिर्माताओं को उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)