बेंगलुरु, चार मार्च कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर ने मंगलवार को आबकारी मंत्री आर बी थिम्मापुर से कहा कि वह प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्राधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की अवैध बिक्री रोकने का निर्देश दें और यदि वे ऐसा करने में विफल रहते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
खादर ने प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में मंत्री से कहा, "यह एक गंभीर मामला है। हर विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियां कहां हो रही हैं, इसके बारे में कुछ जानकारी प्राप्त हुई होगी। उनसे एक सूची लें और संबंधित अधिकारियों को इसे रोकने के लिए कहें। अगर वे ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें, चाहे वे कोई भी हों।"
इससे पहले कांग्रेस विधायक कौजलगी महंत शिवानंद के ग्रामीण इलाकों में शराब की अवैध बिक्री पर पूछे गए सवाल पर मंत्री थिम्मापुर द्वारा दिया गया जवाब विपक्षी दलों के विधायकों को संतोषजनक नहीं लगा।
मंत्री ने जवाब दिया कि सरकार शराब की अवैध बिक्री को नियंत्रित करने के लिए प्रयास कर रही है, जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता दल (सेक्युलर) के नेता सी बी सुरेश बाबू और भाजपा विधायक सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि बिक्री लक्ष्य निर्धारित करने की सरकार की नीति इस मुद्दे को बढ़ावा दे रही है।
सुनील कुमार ने कहा, "एक तरफ शराबबंदी की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ सरकार बिक्री के लक्ष्य तय कर रही है। चूंकि लक्ष्य तय किया जा रहा है, इसलिए विक्रेता आसपास के ग्रामीण इलाकों में शराब बेचकर इसे पूरा करने की कोशिश करेंगे। इसे रोकें।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY