देश की खबरें | केरल में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव

कन्नूर (केरल), आठ मई केरल में अज्ञात बदमाशों ने कासरगोड-तिरुवनंतपुरम वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को सोमवार को कथित तौर पर निशाना बनाया। यह ट्रेन हाल में शुरू की गई है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब रेल अधिकारियों ने वलपट्टनम इलाके से ट्रेन के गुजरने के दौरान इसकी एक खिड़की के शीशे पर खरोंच देखी जो कथित तौर पर पथराव के कारण पड़ी है।

रेलवे अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित करते हुए कहा कि शक है कि वलपट्टनम से गुजरने के दौरान ट्रेन पर पथराव किया गया था।

पुलिस ने कहा कि यह पुष्टि नहीं हुई है कि यह घटना वलपट्टनम सीमा में हुई थी लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गई है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय किए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि जानकारी के अनुसार, घटना तब हुई जब ट्रेन दोपहर 3.27 बजे वलपट्टनम और कन्नूर चिरकल के बीच से गुजर रही थी।

केरल में इस तरह की यह दूसरी घटना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 अप्रैल को तिरुवनंतपुरम से राज्य की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)