देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में गायिका मोनाली ठाकुर कार्यक्रम के दौरान हुईं बीमार, अब स्थिति स्थिर

कोलकाता, 23 जनवरी लोकप्रिय बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर 21 जनवरी को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में दिनहाटा महोत्सव के दौरान प्रस्तुति देते समय बीमार पड़ गईं, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। उनके करीबी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मोनाली को अपनी प्रस्तुति के दौरान सांस लेने में कठिनाई महसूस हुई, जिसके कारण उन्हें गाना बंद करना पड़ा था।

उन्होंने अपनी प्रस्तुति बीच में भी रोकने से पहले दर्शकों से माफी मांगते हुए कहा, ‘‘मैं अभी अच्छा महसूस नहीं कर रही हूं। लेकिन जैसा कि मैंने आयोजकों से वादा किया था, मैं आई और जितना हो सका उतना समय तक प्रस्तुति दी। आप सभी बहुत सहयोगी और ऊर्जावान रहे हैं। मुझे खेद है।’’

सूत्र ने बताया कि मोनाली को पहले दिनहाटा उप-जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में कूच बिहार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि गायिका को 22 जनवरी को छुट्टी दे दी गई और उसके बाद वह मुंबई लौट गईं है, जहां उन्हे ‘‘बिल्कुल ठीक’’ बताया जा रहा है।

इससे पहले 31 मई, 2022 को कोलकाता में लाइव प्रस्तुति के बाद गायक केके की दुखद मौत हो गयी थी। केके ने शो के बाद बेचैनी की शिकायत की थी और अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)