देश की खबरें | सिद्धरमैया ने सूखा राहत कोष जारी करने में तेजी लाने के लिए अमित शाह, सीतारमण को लिखा पत्र

बेंगलुरु, 15 नवंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को राज्य को सूखा राहत निधि जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए बुधवार को पत्र लिखा।

तीनों केंद्रीय मंत्रियों को लिखे अलग-अलग पत्रों में, सिद्धरमैया ने इस साल की निराशाजनक बारिश पर प्रकाश डाला, जो पिछले 122 वर्षों में सबसे कम थी।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि कर्नाटक में 236 तालुका में से 223 को सूखा प्रभावित घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनमें से 196 को गंभीर रूप से सूखा प्रभावित के तौर पर वर्गीकृत किया गया है।

सिद्धरमैया ने कहा कि यह देखते हुए कि कर्नाटक ने 35,162.05 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है, राज्य सरकार ने राज्य में सूखा राहत उपाय करने के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) से 18,171.44 करोड़ रुपये की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दो हेक्टेयर से कम भूमि वाले 52.73 लाख छोटे और सीमांत किसान हैं, जो सूखे से सबसे अधिक प्रभावित हैं क्योंकि उनमें से अधिकांश जीवनयापन के लिए कृषि पर निर्भर हैं और कृषि गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए लागत सब्सिडी उनके लिए एकमात्र उपलब्ध सहारा है।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा, "राज्य सरकार छोटे और सीमांत किसानों के जीवनयापन के लिए राहत के भुगतान की सुविधा के लिए 12,577.9 करोड़ रुपये की मांग कर रही है, जिनका जीवन और परिवार अपने तात्कालिक भरण-पोषण के लिए पूरी तरह से कृषि गतिविधियों पर निर्भर हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)