देश की खबरें | शाह ने उप्र चुनाव में कार्यकर्ताओं को 300 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया

लखनऊ, 29 अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के संदर्भ में मंत्रणा की और सभी से पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुट जाने का निर्देश देते हुये राज्य में तीन सौ से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दिया।

शाह ने इस मौके पर 'अंत्‍योदय को साकार करता उत्‍तर प्रदेश' पुस्‍तक का लोकार्पण भी किया।

शुक्रवार को लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान सेक्टर-17 वृन्दावन योजना स्थित कार्यक्रम स्थल में अमित शाह ने 'मेरा परिवार-भाजपा परिवार' नारे के साथ भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पार्टी के पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक को संबोधित किया।

शाह ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है और यह आप सबके प्रयास से ही संभव है। शाह के अलावा बैठक को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया।

शाह ने इस मौके पर डॉक्टर सौरभ मालवीय द्वारा लिखित '' अंत्‍योदय को साकार करता उत्‍तर प्रदेश'' पुस्‍तक का लोकार्पण किया। मालवीय ने बताया कि ''मैंने अपनी पुस्तक के माध्‍यम से भाजपा सरकार की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्हें पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है ताकि लोगों को सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी हो और वे इनका लाभ उठा सकें।''

कार्यक्रम के बाद शाह ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संगठन के पदाधिकारियों और प्रभारियों के साथ चर्चा की।

शाह ने शुक्रवार को भाजपा के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस बाबत उन्होंने ट्वीट किया ''आज लखनऊ में भाजपा के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह उत्तर प्रदेश के जन जन तक मोदी जी व योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की गरीब कल्‍याण की विभिन्न योजनाओं व उपलब्धियों को पहुंचाने का काम करेंगे। उप्र में पुन: भाजपा की सरकार बनने जा रही है।''

आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)