देश की खबरें | पंजाब के मंत्री कटारूचक के खिलाफ 'यौन उत्पीड़न' की शिकायत : तीन सदस्यीय एसआईटी करेगी जांच

चंडीगढ़, आठ मार्च पंजाब पुलिस ने राज्य के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक के खिलाफ कथित "यौन उत्पीड़न" की शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

एसआईटी का गठन राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) द्वारा पंजाब सरकार को एक नोटिस जारी किए जाने के कुछ दिन बाद किया गया है। आयोग ने गुरदासपुर के एक पुरुष द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) मंत्री के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पर राज्य सरकार को कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने को कहा था।

एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक (सीमा रेंज) नरिंदर भार्गव एसआईटी का नेतृत्व करेंगे जबकि गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डी हरीश कुमार और पठानकोट के एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खाख इसके सदस्य होंगे।

आदेश के अनुसार राज्य पुलिस शिकायतकर्ता को सुरक्षा भी मुहैया कराएगी।

आदेश में कहा गया है, "एसआईटी इस मामले की जांच में आयोग को पूरी सहायता और समर्थन मुहैया कराएगी।"

आदेश के अनुसार एसआईटी याचिकाकर्ता से संपर्क करेगी और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करेगी।

कटारूचक पठानकोट की भोआ सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक और राज्य में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)