देश की खबरें | बंदूक जाम होने से बाल-बाल बचा एसडीएमसी का इंजीनियर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, पांच अगस्त दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के एक कार्यकारी इंजीनियर बाल-बाल बच गए जब एक बेलदार ने दक्षिण दिल्ली के गुलमोहर पार्क इलाके में बुधवार दोपहर उनपर कथित तौर पर हमला कर दिया । बेलदार ने उनपर गोली चलाने का प्रयास किया लेकिन बंदूक जाम हो गया ।

पुलिस ने बताया कि गोली चलाने के प्रयास के बारे में दिन में ढाई बजे हौज खास थाने में एक शिकायत मिली ।

यह भी पढ़े | सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में CBI जांच की सिफारिश मंजूर करने पर सीएम नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया: 5 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर के मुताबिक, ‘‘कार्यकारी इंजीनियर सुनील गहलोत जब एमसीडी कार्यालय, गुलमोहर पार्क में घटनास्थल पर पहुंचे तो बेलदार मनोज मंडल किसी काम से आया और उनसे बहस करने लगा। ’’

पुलिस के मुताबिक गहलोत ने आरोप लगाया कि मंडल ने बंदूक निकालकर गोली चलाने की कोशिश की लेकिन वह जाम हो गया। बाद में उसने बंदूक से ही गहलोत के माथे पर प्रहार किया और वहां से भाग गया।

यह भी पढ़े | Haryana Sanitizer: सैनिटाइजर ब्रांडों को लेकर हरियाणा सरकार की बड़ी कार्रवाई, जांच में सैंपल फेल पाए जाने पर 11 कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज.

मंडल वर्दी मुहैया कराने के लिए गहलोत से बहस कर रहा था। घटना में गहलोत के माथे में चोट लगी ।

डीसीपी ने बताया कि जाते-जाते मंडल ने हवा में गोली चलायी । एक खाली कारतूस भी मिला । भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और हथियार कानून के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया और जांच की जा रही है ।

पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम में आरोपी को पकड़ लिया गया । उन्होंने बताया कि घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

घटना को लेकर एसडीएमसी की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं आयी है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)