देश की खबरें | मदुरै जा रहा विमान उड़ान के दौरान 'गड़बड़ी' का पता लगने के बाद वापस चेन्नई लौटा : अधिकारी

चेन्नई, 20 जून मदुरै जा रहे एक निजी विमानन कंपनी के विमान में शुक्रवार को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई जिसके बाद उसे वापस यहां लाया गया। हवाई अड्डा अधिकारियों और विमानन कंपनी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि करीब आधे घंटे की उड़ान के बाद पायलट को गड़बड़ी का पता चला और उसने चेन्नई वापस आने की अनुमति मांगी।

उन्होंने बताया कि विमान में करीब 68 यात्री सवार थे।

उन्होंने बताया कि विमान बाद में यहां सुरक्षित उतरा और सभी यात्रियों को उचित सुरक्षा उपायों के साथ विमान से उतार लिया गया।

इस बीच, विमानन कंपनी के एक सूत्र ने बताया कि इंडिगो की उड़ान 6ई7167 ‘‘तकनीकी समस्या के कारण चेन्नई लौट आई।’’

सूत्र ने बताया कि चेन्नई-मदुरै विमान के यात्रियों को अन्य उड़ानों से उनके गंतव्य भेजा जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)