नयी दिल्ली, 16 नवंबर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को वियतनाम और इंडोनेशिया के अपने समकक्षों के साथ रक्षा औद्योगिक सहयोग सहित समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हुए अलग-अलग वार्ता की।
यह वार्ता जकार्ता में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक प्लस (एडीएमएम-प्लस) के इतर हुई।
इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री प्रबोवो सुबिआंतो के साथ बैठक में सिंह ने इस साल आसियान (दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन) के जकार्ता के नेतृत्व की सराहना की।
रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों पर चर्चा की और विशेषकर समुद्री क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।’’
उसने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने प्रशिक्षण, कार्मिक विचार-विमर्श एवं अभ्यास के लिए नियमित रूप से होने वाले आदान-प्रदान की भी समीक्षा की और रक्षा उद्योग में सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर अपने विचार व्यक्त किये।’’
मंत्रालय ने कहा कि सिंह और वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री जनरल फान वान गियांग ने ‘भारत-वियतनाम रक्षा साझेदारी पर संयुक्त दृष्टि वक्तव्य’ के कार्यान्वयन में प्रगति की समीक्षा की।
जून 2022 में सिंह की वियतनाम यात्रा के दौरान संयुक्त दृष्टि वक्तव्य पर हस्ताक्षर किए गए थे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘उन्होंने प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, रक्षा उद्योग सहयोग, संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना, द्विपक्षीय नौसैन्य यात्राओं और अभ्यासों को शामिल करते हुए बहुआयामी द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY