एजेंसी न्यूज

राहुल गांधी का सरकार पर निशाना,कहा - इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला, पीएम ने निर्वाचन आयोग में अपने लोगों को रखा है

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि चुनावी बॉण्ड योजना ‘‘दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला’’ है और उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचन आयोग में ‘‘अपने लोगों’’ को रखा है।

राहुल गांधी का सरकार पर निशाना,कहा - इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला, पीएम ने निर्वाचन आयोग में अपने लोगों को रखा है
Rahul Gandhi | Photo- ANI

हैदराबाद, छह अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि चुनावी बॉण्ड योजना ‘‘दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला’’ है और उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचन आयोग में ‘‘अपने लोगों’’ को रखा है.उच्चतम न्यायालय ने फरवरी में चुनावी बॉण्ड योजना को असंवैधानिक बताते हुए रद्द कर दिया था.

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करने के एक दिन बाद हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (एन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट) को ‘‘एक्सटोर्शन डायरेक्टरेट’’ (वसूली निदेशालय) करार दिया.उन्होंने कहा, ‘‘जिसे पहले एन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट कहा जाता था, वह आज एक्सटोर्शन डायरेक्टरेट बन गया है. भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी वाशिंग मशीन चला रही है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘देश के सबसे भ्रष्ट मंत्री और सबसे भ्रष्ट नेता, नरेन्द्र मोदी जी के साथ हैं. निर्वाचन आयोग में भी नरेन्द्र मोदी के लोग हैं.’’राहुल ने आरोप लगाया कि चुनावी बॉण्ड योजना की सूची दिखाती है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक कंपनी को धमकी दी और फिर कंपनी ने करोड़ों रुपये भाजपा को दिए. इसके बाद उस कंपनी को करोड़ों रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाएं मिलीं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगा दी गई है लेकिन कांग्रेस भाजपा से डरती नहीं है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना में भाजपा की ‘बी टीम’ (बीआरएस) को पराजित किया है और अब वह आगामी चुनाव में दिल्ली में ‘ए टीम’ (भाजपा) को पराजित करने जा रही है.राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है और कांग्रेस ऐसा कभी नहीं होने देगी.

तेलंगाना में फोन टैपिंग के आरोपों को लेकर पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी और भाजपा वही कर रहे हैं जो तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने किया.उन्होंने आरोप लगाया कि राव ने पुलिस और अन्य एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया.

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि भारत में हर दिन करीब 30 किसान आत्महत्या कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि मोदी ने अमीरों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है जबकि किसानों के कर्ज का एक रुपया तक माफ नहीं किया गया.उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार के आने के बाद देश में करोड़ों लोग गरीब हो गये हैं.

कांग्रेस चुनाव घोषणापत्र में शामिल पांच ‘न्याय’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर वे केंद्र में सत्ता में आते हैं तो ‘किसान न्याय’ के जरिए किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी दी जाएगी.राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस तेलंगाना में लोगों को दी गई अपनी चुनावी गारंटी पूरी कर रही है.उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 30,000 सरकारी पदों पर भर्तियां की हैं और जल्द ही 50,000 और नौकरियां निकाली जाएंगी.

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और पार्टी के अन्य नेता रैली में शामिल हुए.

इस अवसर पर रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून में तेलंगाना से किए वादों को लागू नहीं किया.

उन्होंने कहा कि भाजपा को उसी तरह हराना चाहिए जैसे कि राज्य में बीआरएस को हराया था.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 06, 2024 11:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).