देश की खबरें | गोवा से दिल्ली लौटे राहुल गांधी

पणजी, तीन अगस्त गोवा की अपनी निजी यात्रा पूरी करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को अपने साथ जैक रसेल टेरियर नस्ल का तीन महीने का पपी (पिल्ला) लेकर दिल्ली लौटे।

उत्तरी गोवा के म्हापसा शहर में अपने पति स्टैनली ब्रैगेंजा के साथ 'डॉग हाउस' चलाने वाली शिवानी पित्रे ने कहा कि राहुल अपने साथ यहां से एक पिल्ला ले गए हैं। उन्होंने बताया कि राहुल ने एक और पिल्ला चुना है, जिसे बाद में उनके पास भेजा जाएगा।

राहुल बुधवार रात गोवा पहुंचे थे और बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी लौट आए।

पित्रे ने बताया कि राहुल ने पिल्ले के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पहले अपने प्रतिनिधि को भेजा था और उसे ले जाने से पहले वह उसे खुद देखना चाहते थे।

कांग्रेस नेता बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे उत्तरी गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रास्ते में म्हापसा में स्थित डॉग हाउस पहुंचे। पित्रे ने बताया कि हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले राहुल थोड़े समय के लिए डॉग हाउस में रुके थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विनम्र और जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं।

उन्होंने कहा कि डॉग हाउस में रुकने के दौरान राहुल ज्यादातर समय कुत्तों के साथ खेलने में व्यस्त थे।

राहुल ने बुधवार रात एक होटल में गोवा के विधायकों और गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित पाटकर सहित कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)