गुवाहाटी, 27 अगस्त पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पिछले कुछ दिनो में अलग-अलग अभियान के तहत 1.6 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित पदार्थ और तस्करी की गई अन्य वस्तुएं बरामद कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक विज्ञप्ति में रविवार को यह जानकारी दी गई।
इसमें कहा गया कि ये अभियान एनएफआर के तहत 23 अगस्त से 25 अगस्त के बीच कई ट्रेन में चलाये गए।
अभियानों का विवरण देते हुए बयान में कहा गया है कि आरपीएफ ने शुक्रवार को दीमापुर स्टेशन पर एक लावारिस बैग पाया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि लगभग 1.10 करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर (वजन 550 ग्राम) बैग के अंदर साबुन के 50 डिब्बों में रखी पाई गई।
अगरतला स्टेशन पर 24 अगस्त को अप-कंचनजंघा एक्सप्रेस में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ एक संयुक्त अभियान में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और ट्रेन से लगभग 1.38 लाख रुपये मूल्य की कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं।
वहीं, 23 और 24 अगस्त को चलाए गए अलग-अलग अभियानों और जांच में आरपीएफ ने विभिन्न ट्रेन और स्टेशनों से 51 लाख रुपये मूल्य की 10,200 किलोग्राम सुपारी, 1.64 लाख रुपये मूल्य की 936 बोतल कफ सिरप और 7,440 रुपये मूल्य की 48 बोतल शराब बरामद की।
बयान में कहा गया है कि अवैध रूप से कफ सिरप रखने को लेकर 23 अगस्त को भी तीन लोगों को पकड़ा गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY