शुक्रवार को सिस्टिन चैपल की छत पर वेटिकन के दमकल कर्मियों को चिमनी लगाते हुए देखा गया। यह क्षण सात मई को आयोजित होने वाले सम्मेलन की तैयारियों के तहत विशेष स्थान रखता है।
सिस्टिन चैपल में मतदान के प्रत्येक दो चरण के बाद सभी कार्डिनल के मतपत्रों को एक विशेष भट्टी में जलाया जाता है और इससे निकलने वाला धुआं बाहरी दुनिया को परिणाम का संकेत देता है।
अगर किसी उच्च पादरी को पोप नहीं चुना जाता है, तो मतपत्रों में पोटेशियम परक्लोरेट, एन्थ्रेसीन (कोयला टार का एक घटक) और सल्फर युक्त ‘कार्ट्रिज’ मिलाए जाते हैं, ताकि काला धुआं निकले। लेकिन अगर किसी का चुनाव होता है, तो जलते हुए मतपत्रों में पोटेशियम क्लोरेट, लैक्टोज और क्लोरोफॉर्म मिलाए जाते हैं, ताकि सफेद धुआं उत्पन्न हो।
गत 13 मार्च, 2013 को पांचवें मतपत्र पर चिमनी से सफेद धुआं निकला और कार्डिनल जॉर्ज मारियो बर्गोग्लियो को सेंट पीटर बेसिलिका के बरामदे से कुछ समय बाद पोप फ्रांसिस के रूप में दुनिया के सामने पेश किया गया। इतिहास के पहले लैटिन अमेरिकी पोप फ्रांसिस का गत 21 अप्रैल को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
चिमनी ऐसे समय में लगाई गई जब कैथलिक चर्च की भविष्य की आवश्यकताओं और इसे चलाने के लिए किस तरह के पोप की आवश्यकता है, इस पर सम्मेलन से पूर्व चर्चा के लिए विभिन्न कार्डिनल या उच्च पादरी वेटिकन पहुंचे।
इन परामर्शों में सभी कार्डिनल शामिल हैं, जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के वे कार्डिनल भी शामिल हैं जो सम्मेलन में मतदान करने के लिए अयोग्य हैं।
फ्रांसिस को कुछ लोग गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों पर ध्यान देने के लिए पसंद करते थे, लेकिन कुछ लोग उनकी आलोचना करते थे और उन पर नैतिकता तथा चर्च के कानून के मुद्दों पर धर्मावलंबियों के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाते थे। ये रूढ़िवादी और परंपरावादी लोग, जिनके बारे में माना जाता है कि 135 कार्डिनल निर्वाचकों में उनका बहुमत नहीं है, उम्मीद कर रहे हैं कि नया पोप चर्च की मूल शिक्षाओं को फिर से लागू करेगा और वेटिकन नौकरशाही में एक स्थिर व्यक्ति के रूप में कार्य करेगा।
कार्डिनल बेनियामिनो स्टेला उन वृद्ध और मतदान का अधिकार नहीं रखने वाले कार्डिनल में शामिल हैं जिन्होंने सम्मेलन से पूर्व चर्चा की है। उन्होंने फ्रांसिस के अधीन पादरी के लिए वेटिकन कार्यालय का नेतृत्व 2021 में अपने सेवानिवृत्त होने तक किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY