मेंगलुरु, 26 जुलाई कर्नाटक में मेंगलुरु पुलिस ने मंगलवार को कहा कि बालामट्टा के एक पब में कुछ लोगों द्वारा एक पार्टी में व्यवधान पैदा करने की घटना हाल ही में कॉलेज छात्रों के लीक हुए चुंबन के एक वीडियो से जुड़ी हो सकती है।
बजरंग दल के कथित कार्यकर्ताओं के छह सदस्यीय एक समूह द्वारा शहर के एक पब में कॉलेज के छात्रों द्वारा आयोजित एक पार्टी को बाधित करने का मामला सामने आया है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में एक लीक हुआ वीडियो सामने आया था जिसमें एक लड़का और लड़की एक फ्लैट में चुंबन करते नजर आ रहे हैं जबकि उनके दोस्त उनका हौसला बढ़ाते हुए देखे जा सकते हैं।
बाद में इस बात का खुलासा हुआ था कि उस अपार्टमेंट में छात्र और छात्राएं 'ट्रूथ-डेयर' नामक एक खेल खेल रहे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था, जिसको लेकर विवाद हो रहा है।
मेंगलुरु के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि वीडियो और पब में पार्टी का आयोजन करने वाले छात्रों के बीच हालांकि कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस पब पर हुए हमले की जांच करेगी।
पुलिस आयुक्त कुमार ने कहा कि सोमवार रात नौ बजे पब में दाखिल हुए कार्यकर्ताओं ने वहां काम कर रहे ‘बाउंसर’ (सुरक्षाकर्मियों) को बताया कि अंदर पार्टी करने वाले लड़के-लड़कियां नाबालिग हैं।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि इसके बाद ‘बाउंसर’ ने पब के प्रबंधक को इस बारे में सूचित किया। इसके बाद पब के प्रबंधक ने पार्टी कर रहे छात्रों की उम्र का सत्यापन किया और कहा कि वे अंतिम वर्ष के कॉलेज के छात्र थे। आयुक्त ने बताया कि बाउंसर के बयान के अनुसार कार्यकर्ता उस स्थान पर नहीं गए जहां पार्टी चल रही थी।
बाद में पब के प्रबंधक ने छात्रों से पब के बाहर जाने को कहा और वे सभी पार्टी बीच में ही छोड़कर वहां से चले गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पब के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। पब के प्रबंधक और बाउंसर के बयान लिए जा चुके हैं और कार्यकर्ताओं की कार्रवाई की जांच की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY