राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर त्वरित अमल करते हुए राज्य पुलिस ने जवानों को अवसाद और तनाव से बचाने के लिए मंगलवार से स्पंदन अभियान की शुरूआत कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक डी एम अवस्थी ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा मनोवैज्ञानिक की उपस्थिति में विस्तृत बैठक कर एक कार्य योजना तैयार की है और इस कार्य योजना को अभियान के तहत चलाने के लिए इसे स्पंदन नाम दिया गया है।
यह योजना राज्य में तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश सभी पुलिस अधीक्षकों और संबंधित लोगों को जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पुलिस जवानों में बढ़ते अवसाद और तनाव को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की थी और पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया था कि इस संबंध में छत्तीसगढ़ पुलिस एक कार्य योजना बनाए जिससे जवानों में उत्पन्न हो रहे मानसिक अवसाद को दूर किया जा सके। तथा इससे होने वाली हिंसक घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
यह भी पढ़े | विश्व साइकिल दिवस 2020: साइकिल का प्रयोग स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए जरूरी.
बघेल ने यह भी निर्देश दिया था कि इसके साथ ही जवानों के लिए योग कक्षा तथा मनोवैज्ञानिक से काउंसिलिंग आदि भी आयोजित किए जाएं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक अवस्थी ने बताया कि स्पंदन अभियान के तहत सभी पुलिस अधिकारी पुलिस लाईन, थानों और सशस्त्र बल की कंपनियों का भ्रमण कर जवानों के साथ समय व्यतीत करेंगे और उनकी समस्याओं से रूबरू होंगे। सभी सेनानियों को माह में एक बार प्रत्येक कंपनी में रात्रि विश्राम करेंगे। इसी तरह से पुलिस अधीक्षकों को भी सभी थानों और पुलिस लाईनों में भ्रमण कर जवानों की समस्याएं सुनने के लिए निर्देशित किया गया है।
संजीव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY