पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), दो जून जिले की पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को भगवंतापुर गांव में कथित रूप से महिलाओं की बेरहमी से पिटाई की। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पूरनपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार, भगवंतापुर गांव की निवासी एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसके पिता और अन्य परिजन उस पर शक करते हैं और बुधवार को परिजनों ने युवती की पिटाई की और दुपट्टे से गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, युवती किसी तरह जान बचाकर पड़ोसी अयूब शाह के घर में जाकर छुप गई। आरोप है कि उसके परिजन शाह के घर में घुस गए और वहां भी उसकी हत्या का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से भी कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की गई।
पुलिस का आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी और उनकी नेम प्लेटें भी उखाड़ दीं।
वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि उत्तेजित पुलिस ने घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और परिवार की महिलाओं को बेरहमी से पीटा और गृहस्थी का सारा सामान तोड़ दिया।
कोतवाली पुलिस ने मीडिया को बताया कि इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पूरनपुर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY