नयी दिल्ली, पांच सितंबर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि दिल्लीवासियों के लिए "बड़ी राहत" की बात है कि पिछले नौ वर्षों में सूक्ष्म कण पीएम10 और पीएम2.5 के स्तर में औसतन 45 प्रतिशत की कमी आयी है।
राय ने पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से कहा कि वायु प्रदूषण के स्तर में किसी भी वृद्धि से निपटने के लिए 'शीतकालीन कार्य योजना' पर काम शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि ‘पार्टिकुलेट मैटर’ (पीएम) 10 और 2.5 का स्तर आमतौर पर अक्टूबर के आखिरी सप्ताह से बढ़ना शुरू होता है और नवंबर में चरम पर पहुंच जाता है, जब तापमान में गिरावट आती है और हवा की खराब गुणवत्ता को नियंत्रित करने के लिए उपाय करने की आवश्यकता होती है।
मंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पीएम 10 और पीएम 2.5 में दिल्ली के लोगों और सरकार के प्रयासों के कारण 2014 के बाद से गिरावट दर्ज की गई है, जो वायु गुणवत्ता के दो महत्वपूर्ण मानक हैं और दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर को निर्धारित करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि हालांकि, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इसे और नीचे लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राय ने पिछले वर्षों के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2014 से अगस्त 2023 तक 9 वर्षों में पीएम10 के स्तर में 42 प्रतिशत की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि 2014 में यह 324, 2015 में 295, 2016 में 303, 2017 में 277, 2018 में 277, 2019 में 230, 2020 में 187, 2021 में 221, 2022 में 223 और 2023 में अगस्त तक यह 188 था।
मंत्री ने एक चार्ट दिखाते हुए कहा कि इसी तरह, पीएम2.5 के स्तर में 46 प्रतिशत की कमी आयी है। उन्होंने कहा कि यह 2014 में 149, 2015 में 133, 2016 में 137, 2017 में 130, 2018 में 128, 2019 में 112, 2020 में 101, 2021 में 113, 2022 में 103 और 2023 में अगस्त तक 81 था।
उन्होंने कहा कि सरकार 12 सितंबर को प्रदूषण पर काबू से जुड़े 24 संगठनों के विशेषज्ञों की बैठक करेगी और शीतकालीन कार्ययोजना तैयार करने के लिए उनकी राय लेगी।
राय ने कहा कि इसके अलावा, सर्दियों में वायु प्रदूषण के उच्च स्तर से निपटने के तरीकों पर प्रतिक्रिया लेने के लिए 14 सितंबर को 28 विभागों और एजेंसियों की एक बैठक आयोजित की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY