खेल की खबरें | पीसीबी ने एशिया कप के उद्घाटन मैच के लिए जय शाह को पाकिस्तान आमंत्रित किया

लाहौर, 18 अगस्त पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव एवं एसीसी (एशियाई क्रिकेट परिषद) के अध्यक्ष जय शाह को 30 अगस्त को मुल्तान में पाकिस्तान और नेपाल के बीच खेले जाने वाले एशिया कप के उद्घाटन मैच में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।

पीसीबी ने कहा कि शाह के अलावा उसने एशियाई क्रिकेट परिषद से जुड़े कई और बोर्ड  प्रमुखों को भी उद्घाटन मैच के लिए आमंत्रित किया है।

पीसीबी के एक सूत्र ने कहा कि शाह को निमंत्रण भेजा गया है लेकिन उनके पाकिस्तान आने की संभावना काफी कम है।

सूत्र ने कहा, ‘‘पीसीबी के अध्यक्ष जाका अशरफ ने आईसीसी की बैठक के दौरान डरबन में जय शाह को मौखिक रूप से निमंत्रण दिया था। बोर्ड ने अब औपचारिक निमंत्रण भेजा है।’’

पाकिस्तान की मीडिया के मुताबिक शाह ने पीसीबी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, लेकिन बीसीसीआई सचिव ने इस दावे का खंडन किया था।

भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा संबंधों से वाकिफ सूत्र ने कहा कि पीसीबी शाह को निमंत्रण देकर यह दिखाना चाहता है कि वह खेल को राजनीति के साथ नहीं जोड़ता है।

एशिया कप 30 अगस्त से 17 सितंबर तक पाकिस्तान और श्रीलंका के स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)